सोमवार दोपहर 12.57 बजे एक महिला ने निहाल विहार थाने में अपनी 13 साल की बेटी के गायब होने की शिकायत की। महिला ने बताया कि उसकी बेटी रविवार सुबह 11 बजे से घर से लापता है। उनका आरोप था कि उनकी बेटी को प्रॉपर्टी डीलर सरफराज ने अगवा किया है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन करने के बाद लापता लड़की को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया। छानबीन में पता चला कि मामला अपहरण का नहीं, बल्कि छेड़छाड़ का है। यह भी पता चला कि चार अन्य लड़कियों के साथ भी ऐसी ही वारदात हुई है। पुलिस ने आरोपी सरफराज के खिलाफ पोक्सो के तहत पांच मामले दर्ज कर लिए।
सोमवार रात को सैकड़ों लोग थाने पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने आरोप लगाया कि सरफराज एक समुदाय की लड़कियों को 10 से 15 हजार रुपये की नौकरी का झांसा देकर उनकी तस्करी करता है। वह लड़कियों को दूसरे राज्यों में सप्लाई करता है। उसके तार पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, बिहार और झारखंड तक फैले हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए थाने के गेट को बंद कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सरफराज को देर रात गिरफ्तार कर लिया।