नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जामिया नगर और सीमापुरी में हुई हिंसा की पांच सीसीटीवी फुटेज सामने आई हैं। फुटेज में उपद्रवी बवाल करते हुए बाइक व बसों में आग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जामिया नगर मामले में ज्यादातर आरोपी अभी फरार हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस सभी की तलाश कर रही है। वहीं सीमापुरी में हुए बवाल के दौरान उपद्रवी शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर पर पथराव करते हुए दिख रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जामिया नगर इलाके में प्रदर्शन के बाद भीड़ इकट्ठा होकर मथुरा रोड की ओर जाती दिख रही है। वहां घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भीड़ की हिंसा कैद हुई। फुटेज में दिख रहा है कि कुछ लोग एक बाइक से पेट्रोल निकालकर डीटीसी बस में आग लगा रहे हैं, बाद में उस बाइक को भी आग के हवाले कर डीटीसी बस के नीचे फेंक दिया गया।
जामिया के छात्रों का दावा है कि भीड़ में उन लोगों ने हिंसा नहीं की है। स्थानीय लोग हिंसा कर रहे हैं। दूसरी ओर इसी तरह की सीसीटीवी फुटेज सीमापुरी इलाके से भी सामने आई है, जहां भीड़ कुछ पुलिस कर्मियों को खदेड़ रही है। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राजबीर भी शामिल हैं।