द्वारका जिला पुलिस ने अलग अलग जगहों से फर्जी कागजात बनाकर मोबाइल फाइनेंस कराने वाले बंटी बबली समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, पेन कार्ड और फोन जब्त किए हैं। जांच में पता चला कि बंटी फर्जी कागजात के जरिए एक फोन खरीद चुका था और दूसरा फोन खरीदने का प्रयास कर रहा था। फर्जीवाड़ा के लिए उसकी महिला साथी फर्जी कागजात तैयार करती थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि डाबड़ी थाना पुलिस को सोमबाजार रोड स्थित मोबाइल शोरूम से पता चला कि एक शख्स ने फाइनेंस कराकर मोबाइल फोन लिया है। आरोपी ने 25 हजार के मोबाइल फोन के लिए 54 सौ रुपये जमा करवाए हैं। उसने जो आधार कार्ड सौंपे थे, उसपर नवीन कुमार पिता गोपाल श्रीवास्तव लिखा है। शोरूम मालिक ने रिकार्ड को खंगाला तो पता चला कि नवीन श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति ने कुछ दिन पहले मोबाइल फाइनेंस करवाई है जिसके आधार कार्ड पर पिता का नाम उमेश श्रीवास्तव लिखा है।
इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने कागजात और आरोपी के फोन नंबर के जरिए ककरौला निवासी प्रेम को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि उसकी एक जानकार महावीर एंक्लेव निवासी त्रिशला फर्जी कागजात तैयार करती थी। पुलिस ने त्रिशला को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रेम नवीन के नाम पर एक फोन ले चुका था और दूसरा फोन लेने के फिराक में था।
इसी तरह से उत्तम नगर के मोबाइल शोरूम के मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दी कि योगेश कुमार त्रिपाठी के नाम से कुछ लोगों ने फर्जी कागजात तैयार कर मोबाइल फाइनेंस करा लिया है। आरोपियों ने 84 हजार के एपल फोन के लिए 18 हजार नौ सौ रुपये का फाइनेंस कराया था। पुलिस ने कागजात और मोबाइल नंबर की जांच करते हुए उत्तम नगर निवासी आदित्य बहल, हेमंत गोयल और राजा गार्डन निवासी अमित पुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में जुटी है।