कोरोना की सीमित होने के मामलों के बीच दिल्ली विधान सभा का दो दिवसीय सत्र बुलाया जा रहा है। मौजूदा विधान सभा के दूसरे सत्र की दूसरी बैठक 29 जुलाई से शुरू होगी। 11:00 बजे से होने वाली इस बैठक में उपराज्यपाल व दिल्ली की चुनी हुई सरकार के बीच चल रही तनातनी पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, किसानों से जुड़े मसले भी बहस का मसला बनेंगे।
दिल्ली विधान सभा अध्यक्ष राम निवास गोयल की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि बीते 12 मार्च को सातवीं विधान सभा के दूसरे सत्र को अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया है। इसी कड़ी में अब इस सत्र के दूसरे भाग की शुरुआत 29 जुलाई से हो रही है। इसके लिए उन्होंने सभी विधायकों को निमंत्रण भी भेजा है।
कोविड प्रोटोकॉल के तहत चलेगा सदन
विधान सभा सदस्यों से गुजारिश की गई है कि सदन की कार्रवाई के दौरान मॉस्क लगाने के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। वहीं, अध्यक्ष का निर्देश है कि सदन में आने वाले सदस्यों को आरटी पीसीआर करवाना जरूरी है। इसकी रिपोर्ट साथ होने पर ही सदन में प्रवेश की इजाजत होगी। विधान सभा के जांच की सुविधा होगी।
पहले आओ, पहले पाओ के हिसाब से मिलेगी सीट
सदन में शामिल होने वाले विधायकों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सीट मिलेगी। मुख्यमंत्री समेत उनके कैबिनेट सहयोगियों, नेता प्रतिपक्ष, विधान सभा उपाध्यक्ष, मुख्य सचेतक की सीट ही आरक्षित होगी।