एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में अगले 48 घंटे में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री वृद्धि होगी। उसके बाद मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी और पहाड़ों में हल्की बारिश के साथ बर्फ-ओलावृष्टि से 2-4 डिग्री तक गिरावट आएगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मई के पहले सप्ताह में देश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में कमी आएगी और लू खत्म होगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली व राजस्थान में धूल भरी आंधी चलेगी तो 2-3 मई को इन केंद्रों के साथ पश्चिम यूपी में भी धूल भरी आंधी व बिजली कड़केगी।
वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 मई को आंधी-बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। 3 मई को पहाड़ों के साथ पंजाब में भी आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की भविष्यवाणी मौसम वैज्ञानिकों ने की है।
शुक्रवार को एनसीआर में अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। गुड़गांव में 41 डिग्री, फरीदाबाद में 39.9 और नोएडा में 39.4 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और हवा में नमी की मात्रा 15-54 फीसदी के बीच रही। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 21.7 डिग्री रहा तो लोधी रोड पर सबसे नीचे 19.8 डिग्री दर्ज किया गया।