-विकास कार्यों की हर महीने होगी समीक्षा, हेल्पलाइन नंबर जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए ईस्ट डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमेटी की पहली मासिक बैठक आयोजित हुई। अभय वर्मा के मार्गदर्शन और नेतृत्व में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। समिति ने तय किया है कि अब प्रत्येक माह के अंतिम बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे नियमित समीक्षा बैठक होगी, जिसमें विधायक, समिति सदस्य और अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
विधायक रविकांत और विधायक रवि नेगी ने क्षेत्रों की समस्याओं चर्चा कर अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। वहीं, जल और सीवर संकट के स्थायी समाधान के लिए विधायक संजय गोयल के नेतृत्व में विशेष समिति का गठन किया गया है। अतिक्रमण की समस्या से निपटने की जिम्मेदारी साउथ जोन के चेयरमैन और पार्षद राम किशोर शर्मा को सौंपी गई है।
सुबह 10 से 6 बजे तक दर्ज होंगी शिकायत
लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर-21210851 जारी किया गया है। जिस पर सुबह 10 से शाम 6 बजे तक शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। साथ ही ईमेल के जरिए भी शिकायत भेजने की सुविधा दी गई है। बैठक में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए डिजिटलीकरण पर विशेष जोर दिया गया।