रेलवे लाइन के नीचे से निकाली गई 16 एमजीडी की पेयजल लाइन का हाइड्रोलिक टेस्ट पूरा हो गया है। अब इस पेयजल लाइन के सेक्टर पांच और नौ के निकट दो और टेस्ट होने शेष हैं। ये दोनों टेस्ट होने के बाद इस पेयजल लाइन से शहर के सेक्टर एक से सेक्टर 23ए तक सभी सेक्टरों के अलावा पालम विहार सहित अन्य रिहायसी कॉलोनियों को पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
16 एमजीडी की लाइन से पेयजल आपूर्ति शुरू होने के बाद शहर में कहीं भी पीने के पानी की कमी नहीं रहेगी। अभी शहर में 14 एमजीडी की पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति की जा रही है। 16 एमजीडी की लाइन इसके अतिरिक्त है। अभी बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सेक्टर नौ के धोबी घाट तक की लाइन को हाइड्रोलिक प्रेशर से चेक किया गया है। यह टेस्ट पूरा हो गया है और कहीं भी किसी प्रकार की लीकेज नहीं पाई गई है।
अभी एक टेस्ट सेक्टर नौ से सेक्टर पांच और एक टेस्ट सेक्टर पांच से आगे की लाइन का किया जाएगा। यह पाइप लाइन पहले ही डाली जा चुकी है, ताकि इससे पानी की आपूर्ति शुरू करने में अनावश्यक देरी न हो। पाइप लाइन बिछाने के काम में लगे हुडा अधिकारियों ने कहीं भी किसी प्रकार की रुकावट की संभावना से इंकार किया है।
आने वाले साल 2017 की गर्मियों से पहले शहर में 24 घंटे भरपूर पेयजल आपूर्ति करने की व्यवस्था कर ली जाएगी। इस व्यवस्था के तहत शहर में पानी के मीटर लगाने और मास्टर पेयजल लाइन से पानी के कनेक्शन काटने का भी प्रस्ताव है, ताकि पानी की चोरी, लीकेज और पानी का दुरुपयोग रोका जा सके। शहरवासियों को पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।-उमेश अग्रवाल, विधायक, गुड़गांव