-उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी स्थित महिला थाने में प्राथमिकी, 14 वर्षीय पीड़िता का आरोपी पड़ोसी ने उसकी अश्लील तस्वीर लेकर किया ब्लैकमेल, मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हो रहे अपराधों पर लगाम लगाने के लिए बनाए गए दिल्ली के महिला थाने में सोमवार को पहली प्राथमिकी दर्ज की गई। 14 वर्षीय किशोरी ने पड़ोसी पर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म का आरोप लगाकर शिकायत दी।
किशोरी का मेडिकल करवाकर पॉक्सो, दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आरोपी पड़ोसी लक्ष्मण फिलहाल फरार है। महिला थाने के अलावा वजीराबाद थाने की टीम आरोपी की तलाश कर रही है। एक टीम को दिल्ली और हिमाचल प्रदेश भेजा गया है। वहीं किशोरी की काउंसलिंग कराई गई है।
उत्तरी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोरी के पड़ोसी ने किसी तरह बातचीत शुरू की। उसके बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर बातचीत के लिए मोबाइल फोन दे दिया। बातचीत करने के अलावा आरोपी ने किशोरी को अश्लील तस्वीरें खींचकर उसे व्हाट्सएप पर भेजने के लिए कहा। बाद में आरोपी इन तस्वीरों को दिखाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि 9 मई 2026 को आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता हिमाचल प्रदेश में पैतृक गांव गई तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और उसको धमकाने लगा। बाद में पीड़िता ने दिल्ली आकर मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने उसका बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है।