सीमापुरी स्थित एक रेस्तरां में शुक्रवार देर रात खाना खाने पहुंचे चार युवक चिकन करी खत्म होने पर इतना भड़क गए कि रेस्तरां में गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि गोलियां किसी को लगी नहीं। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, फिरोज खान परिवार के साथ पुरानी सीमापुरी के ए-ब्लॉक में रहते हैं। इनका घर से चंद कदमों की दूरी पर सलमान चिकन कॉर्नर के नाम से रेस्तरां हैं। शुक्रवार रात 10.40 बजे रेस्तरां में चार युवक खाना खाने पहुंचे। युवकों ने चिकन करी का ऑर्डर दिया। खाना खाने के बाद युवक और चिकन करी मांगने लगे। इस पर फिरोज ने युवकों से कहा कि अब चिकन करी खत्म हो गई है। इसी बात पर युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। युवकों ने रेस्तरां का सामान इधर-उधर फेंकने के बाद पिस्तौल से गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इससे रेस्तरां में अफरातफरी मच गई। खाना खाने आए अन्य लोगों ने टेबल के नीचे छिपकर जान बचाई। रेस्तरां के कर्मचारी भाग खड़े हुए। आरोपी युवक फिरोज को धमकाकर वहां से चले गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया। फिरोज ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक उसके रेस्तरां में अक्सर खाना खाने आते रहते हैं।