गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में एनएच 24 स्थित महागुनपुरम कॉलोनी में कार को साइड न देने पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट के बाद छह राउंड फायरिंग होने से कालोनी में हड़कंप मच गया। ईंट लगने से एक युवक घायल हो गया।
महागुनपुरम में कार को साइड न देने पर दो पक्षों में मारपीट के बाद गोलियां चलने से एनएच 24 और कालोनी में हड़कंप मच गया। इस दौरान हाईवे पर एक साइड के वाहन करीब 10 मिनट तक रुक गए। महागुनपुरम निवासी शांतनु यादव ने बताया कि वह बाइक से आ रहा था।
इसी दौरान सामने से कार सवार महरौली के युवक वहां पहुंचे। कार सवार युवकों ने साइड मांगी, लेकिन वहां जगह नहीं थी। इससे नाराज होकर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद मारपीट करने लगे। शोर सुनकर कालोनी के लोग आए तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
इससे कालोनी और हाईवे पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद आरोपी कार छोड़कर भाग गए। सूचना पाकर पहुंची कविनगर पुलिस को मौके पर दो क्षतिग्रस्त कार, कारतूस के खोखे और खून फैला मिला।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शांतनु के भाई अमित यादव ने छह युवकों को नामजद कर तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।