रोहिणी कोर्ट में शनिवार को झज्जर जेल से पेश पर ले जाए गए कुख्यात बंदी राजेश दामोदर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रोहिणी कोर्ट के गेट नंबर-4 के पास हुई, गोलियां लगने से राजेश की मौत हो गई। राजेश प्रदेश ही नहीं, बल्कि यूपी व दिल्ली का भी कुख्यात बदमाश था।
फायरिंग की आवाज सुनकर कोर्ट में अफरातफरी मच गई। कोर्ट कैंपस में अफरातफरी के बीच भागने की कोशिश कर रहे हमलावर मोहित को पुलिस ने दबोच लिया। वहीं, राजेश को गंभीर हालत में अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, राजेश की हत्या को गैंगवार के चलते अंजाम दिया गया। वारदात के बाद कोर्ट कैंपस की सिक्योरिटी बढ़ाई गई और बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए।
पुलिस के मुताबिक राजेश नीतू डाबोदिया गैंग का बदमाश था। उसे चार महीने पहले मर्डर केस में गिरफ्तार किया गया। दिल्ली के बवाना थाने में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। राजेश पर हमला करने वाले मोहित का लिंक नीरज बवानिया गैंग से है। इन दोनों गैंग में लंबे वक्त से रंजिश चली आ रही है। शक है कि गैंगवार के चलते ही राजेश की हत्या की गई।