पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में सोमवार शाम बदमाशों ने जिम से बाहर निकल रहे कारोबारी को गोली मार दी। घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को आशंका है कि कारोबारी पर रंजिश के तहत हमला किया गया है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कारोबारी की पहचान सुंदर विहार निवासी वैभव (40) के रूप में हुई है। वैभव का निजी कारोबार है और सोमवार शाम वह पश्चिम विहार इलाके में स्थित जिम में गया था। जब वह बाहर निकल रहा था तब दो युवक उसके पास आए और मारपीट करने लगे। वैभव के विरोध करने पर एक बदमाश ने वैभव की जांघ में गोली मार दी। गोली चलते ही वहां अफरातफरी मच गई।
लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देकर कारोबारी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने वैभव के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
अज्ञात हमलावर ने युवक को मारी गोली, हालत स्थिर
नई दिल्ली। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावर ने एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। अस्पताल में भर्ती घायल युवक की हालत गंभीर है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे पुलिस को एक युवक ने फोन कर बताया कि किसी ने उसके चाचा को गोली मार दी है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। पीड़ित की पहचान रामगढ़ निवासी कैलाश के रूप में हुई। घटनास्थल का मुआयना करने के दौरान पुलिस को एक खोखा मिला।
पुलिस को आशंका है कि आपसी रंजिश में कैलाश पर हमला किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।