इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कार्यक्रम के दौरान अचानक आग लग गई और भवन में हर तरफ धुआं भर गया। कार्यक्रम में मौजूद सौन्दर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन को आनन-फानन में आईएमए बिल्डिंग से सुरक्षित बाहर लाया गया और उन्हें उनकी गाड़ी में बैठा कर आईएमए परिसर से निकाला गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
आईएमए में सोसायटी फॉर हॉलिस्टिक एडवास्टमेंट ऑफ मेडिसिन (सोहन) की ओर से री-जेनरेटिव मेडिसिन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में पाकिस्तान से डॉ.शाहनबाज अनवर और आईएमए के प्रेसिडेंट केके अग्रवाल भी मौजूद थे। इस दौरान दो सौ से तीन सौ लोग थे जो कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सभी मुख्य अतिथियों का संबोधन हो गया था लेकिन कार्यक्रम चल रहा था।
इसी दौरान सौन्दर्य विशेषज्ञ शाहनाज हुसैन एक कमरे में मीडिया से बातचीत कर रही थीं की अचानक से धुआं आने लगा और दम घुटने लगा। जैसे ही दरवाजा खुला धुआं अंदर भी भर गया। बताया गया कि सेमिनार हॉल में आग लग गई है। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई लोग निकल कर भागने लगे। इसी दौरान अग्निशमन विभाग को कॉल किया गया। सूचना मिलने के करीब 10 से 15 मिनट बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ी आईएमए पहुंची इसके बाद आग पर काबू पाया गया।