बेटी पैदा होने की खुशी में एक व्यक्ति पटाखे चला रहा था। इनकी आवाज प्रधानमंत्री आवास तक पहुंच गई। एसपीजी के जवानों ने सूचना चाणक्यपुरी थाना पुलिस को दी। चाणक्यपुरी पुलिस ने पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार करने के बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीन मूर्ति लेन सीपीडब्ल्यूडी परिसर में रहने वाले विवेक कुमार गुप्ता की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था। इस खुशी में वह 21 सितंबर को घर के बाहर पटाखे चला रहा था। पटाखों की आवाज प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा में तैनात एसपीजी के जवानों ने सुनी।
कुछ संदिग्ध लगने पर उन्होंने और इसकी सूचना चाणक्यपुरी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को उसके घर में घुसकर गिरफ़्तार कर लिया। आरोपी का कहना था कि उसकी घर में बेटी पैदा हुई है।
इस खुशी में वह पटाखे चला रहा था। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने पटाखे चलाने पर रोक लगा रखी है और सिर्फ ग्रीन पटाखे चलाने का आदेश है।