फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: पार्किंग में आग, धुएं से घिरी चार मंजिला इमारत; नौ लोगों को बचाया, पड़ोसियों ने दिखाई बड़ी सूझबूझ

Sun, 17 May 2026 06:22 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

घबराहट में पहली मंजिल पर मौजूद कुछ लोगों ने बेडशीट बांधकर नीचे उतरने की कोशिश की, जबकि कुछ को लकड़ी की सीढ़ी के सहारे निकाला गया। बाद में दमकल टीम ने ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
विज्ञापन
मकान की पार्किंग में लगी आग, दमकल कर्मियों ने किसी तरह नौ लोगों को बिल्डिंग से निकाला - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार देर रात एक चार मंजिला इमारत की पार्किंग में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के बाद सीढ़ियों के रास्ते धुआं तेजी से ऊपर फैल गया और कई लोग अपने घरों में फंस गए। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं के कारण सभी को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें जीटीबी अस्पताल भेजा गया। इनमें से तीन लोगों को छोड़ बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

विज्ञापन

सीढ़ियों के पास लगी आग
जानकारी के अनुसार, मदर डेयरी वाली गली स्थित डी-45 नंबर की करीब 100 गज की इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर स्टिल्ट पार्किंग बनी हुई है, जबकि ऊपर चार मंजिलों पर अलग-अलग परिवार रहते हैं। देर रात करीब 12:05 बजे पार्किंग में रखे कबाड़ फर्नीचर और अन्य सामान में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। यह सामान सीढ़ियों के पास रखा था, जिससे आग और धुएं ने निकासी का रास्ता लगभग बंद कर दिया।

इन लोगों को निकाला गया सुरक्षित
आग की लपटें और धुआं ऊपर पहुंचने पर लोग घबरा गए और बालकनी में आकर मदद की गुहार लगाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डिप्टी फायर चीफ एक मलिक के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बिल्डिंग के सामने सीढ़ी लगाकर एक 12 वर्षीय बच्ची समेत नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस हादसे में वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश देवी (49), योगेश वर्मा (50), राजरानी (65), अरुण गर्ग (48), अनाया (12), रेनु गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) को सुरक्षित निकाला गया। सभी को पीसीआर और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पड़ोसियों की सूझबूझ से टला हादसा
घटना के दौरान स्थानीय लोगों की सूझबूझ ने बड़ा हादसा टाल दिया। आग लगते ही पड़ोसियों ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और गली में खड़े वाहन हटाकर रास्ता खाली कराया। कुछ लोग मेन रोड पर खड़े होकर दमकल और एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचाने में मदद करते रहे।
विज्ञापन

बेडशीट बनी सहारा
घबराहट में पहली मंजिल पर मौजूद कुछ लोगों ने बेडशीट बांधकर नीचे उतरने की कोशिश की, जबकि कुछ को लकड़ी की सीढ़ी के सहारे निकाला गया। बाद में दमकल टीम ने ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब 1:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल मानसरोवर पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें