इमारत दो हिस्सों में बंटी है
डीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स वाली इमारत दो हिस्सों में बंटी है। इसमें बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर सहित ऊपर तीन मंजिल थी। एक हिस्से में आईसीआईसीआई बैंक और एटीएम लगे हुए थे। वहीं, दूसरे हिस्से में डोमिनोज पिज्जा, कुंवर स्टॉक, इंश्योरेंस कंपनी का परीक्षा सेंटर और अरबन मनी सहित अन्य कंपनियों के स्टोर और कार्यालय थे। अरबन मनी में कार्यरत जय ने बताया कि वह आग लगने के दौरान अन्य कर्मचारियों के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान ऊपर की मंजिल में धमाका हुआ। फिर आग लगने का शोर सुनकर सभी बाहर की ओर भागे।
यह भी पढ़ें: Noida Fire: सेक्टर 18 में एक शॉपिंग कॉम्पलेक्स में लगी भीषण आग, लोग ऊपर से कूदे; कुछ के फंसे होने की सूचना
इमारत में कूलिंग का काम चल रहा
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2.27 बजे दमकल विभाग को झंडेवालान एक्सटेंशन स्थित अनारकली बिल्डिंग और डीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की 27 गाड़ियां पहुंच गईं। साथ ही आग बुझाने के लिए ब्रोंटो क्रेन का इस्तेमाल किया गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को सील कर दिया। फिलहाल इमारत में कूलिंग का काम चल रहा है।
इमारत में लगी लकड़ी से नीचे लगी आग
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी है, उसमें शीशों के साथ-साथ लकड़ी का काम किया गया था। लकड़ी के आग के चपेट में आते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत जलकर खाक हो गई।
आसपास की इमारतें भी करवाई खाली
आग लगते ही वहां पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने एहतियातन तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करवा लिया। स्थानीय निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि इमारत चार मंजिला है और इस इमारत में करीब 10-15 ऑफिस है। दोपहर के समय कुछ लोग बाहर थे। इमारत में आग लगने की जानकारी मिलते ही सभी भागकर इमारत के पास पहुंचे। लेकिन सभी को बाहर ही रोक लिया गया। आग लगते ही मेट्रो स्टेशन में तैनात जवान भी मौके पर मदद के लिए पहुंच गए थे।
आईसीआईसीआई बैंक व तीन एटीएम भी जले
स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत के भूतल पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक है। आग की चपेट में आने से बैंक भी पूरी तरह जल गया है। इसमें तीन एटीएम लगे हुए थे। उसमें भी आग लगी। जिससे आशंका है कि लाखों रुपये जलकर राख हो गए। हालांकि जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सीलमपुर में झुग्गी में लगी आग
सुबह करीब 7.30 बजे जगप्रवेश अस्पताल के पास न्यू सीलमपुर स्थित झुग्गी में आग लग गई। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल अधिकारियों को पता चला कि आग लगते ही झुग्गी में मौजूद लोग बाहर निकल गए थे। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब पौने घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग में कोई हताहत नहीं हुआ है।