पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में मंगलवार को सूरत के कोचिंग सेंटर से भी बड़ा हादसा होने से टल गया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जनकपुरी स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। अचानक लगी आग में कोचिंग के सौ से भी ज्यादा बच्चे फंस गए थे। हालांकि, समय रहते अग्नीशमन विभाग के दस्ते ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग एक बहुमंजिला इमारत के नीचले तल्ले पर लगी थी। स्थिति यह हो गई थी कि आग से उठने वाले धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत तो हो ही रही थी, साथ ही कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया था। देखते ही देखते आग इतनी फैल गई कि इमारत में लगे पैनल बॉक्सों में भी धमाके होने लगे।
जब आग लगी उस वक्त कोचिंग में क्लास चल रही थी, इसलिए बच्चों की संख्या भी काफी ज्यादा थी। खतरे को देखते हुए आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकलने को कहा गया। आग से बचने के लिए बच्चे बैग और अपना सामान छोड़ कर किसी तरह बाहर की ओर निकल गए।
आग इतनी भयंकर थी कि आस-पास की भी कई बिल्डिंग को खाली करा दिया गया। अचानक मची इस अफरा-तफरी के बाद एक साथ सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए थे।