फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोएडा: स्पाइस मॉल में लगी आग, 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला, मची अफरातफरी

Mon, 26 Aug 2019 06:17 PM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
स्पाइस मॉल में लगी आग - फोटो : ani
विज्ञापन

सेक्टर-25ए स्थित स्पाइस मॉल में सोमवार दोपहर बाद आग लग गई। पूरे मॉल में धुआं भरने से अफरातफरी मच गई। तुरंत ही मॉल व मल्टीप्लेक्स में मौजूद करीब 400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग लगने के बाद मौके पर छह दमकल की गाड़ियां पहुंची लेकिन इससे पहले ही मॉल में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम से आग पर काबू पा लिया गया था। आग से कोई हताहत नहीं हुआ। अग्निशमन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।  

विज्ञापन


अग्निशमन विभाग के मुताबिक स्पाइस मॉल की दूसरी मंजिल पर बार्बीक्यू रेस्तरां है। दोपहर बाद करीब 2.30 बजे रेस्तरां में कुछ लोग खाना खा रहे थे। तभी रेस्टोरेंट की चिमनी में आग लग गई। चिमनी का मुंह मॉल के छत पर खुलता है। वहां से भी आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते मॉल के अंदर धुआं भर गया। करीब 2.40 मिनट पर अग्निशमन विभाग को सूचना मिली और करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पहुंची। तब तक मॉल के फायर फाइटिंग सिस्टम से आग को बुझा लिया गया।

चिमनी की सफाई नहीं होने से लगी आग
अग्निशमन अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि रेस्तरां की चिमनी की सफाई काफी दिनों से नहीं हुई थी। इस कारण चिमनी के अंदर तेल व अन्य खाद्य पदार्थ जम गए थे। सोमवार दोपहर को जब रेस्तरां में खाना बनाया जा रहा था। तभी चिमनी के अंदर जमे पदार्थ में आग लग गई। चिमनी से होती हुई टॉप फ्लोर पर लगे एग्जास्ट फैन में भी आग लग गई। आग व धुएं के बीच मॉल के कुछ अलार्म बजे और कुछ नहीं बजे। इसके बाद मॉल के कर्मचारियों ने सभी लोगों को बाहर निकाल दिया।
विज्ञापन


फिल्में रोक कर निकाले गए लोग
जिस वक्त आग लगी उसी दौरान 8 थियेटरों में मूवी चल रही थी। जिनमें करीब 200 से अधिक लोग मौजूद थे। आग लगने के तुरंत बाद फिल्में रोक दी गई और सभी लोगों को बताया गया कि हल्की आग लगी है। सभी लोग बाहर चलें। करीब 10-15 मिनट के भीतर ही मॉल को पूरी तरह से खाली करा लिया गया। इस दौरान सिक्योरिटी स्टाफ ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया और आग पर लगभग काबू पा लिया। 

विज्ञापन

लापरवाही की होगी जांच 

आग पर काबू पाने में जुटे दमकल विभाग के कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
अग्निशमन अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि रेस्तरां की ओर से लापरवाही बरती गई है। इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मॉल के पास फायर का एनओसी है।

सोशल मीडिया वायरल हुआ वीडियो
स्पाइस मॉल में आग लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गया। दरअसल, एलिवेटेड रोड से लोगों ने धुआं देखकर वीडियो बना लिया था। मॉल के अंदर कई लोगों को तो वीडियो देखकर आग की जानकारी लगी। तब तक मॉल प्रबंधन की तरफ से भी लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया गया था।

स्पाइस मॉल के एक रेस्तरां की चिमनी में आग लगी थी। इससे आग की लपटें टॉप फ्लोर से निकलने लगी। आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ है।- वैभव कृष्ण, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें