आईटीओ पर स्थित है इमारत, दूसरी मंजिल पर लगी थी आग, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आइटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की इमारत में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। आग इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी। आग की सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां, एंबुलेंस और पीसीआर वैन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गईं। घटना के समय कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था। दमकल कर्मियों ने करीब सवा घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग में कोई हताहत नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी है।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9.37 बजे इमारत में आग लगने की सूचना मिली। स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में टेलीफोन आपरेटर के पद पर तैनात नजफगढ़ निवासी सौरभ शर्मा ने पुलिस को फोन कर बताया कि इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित प्रशासनिक ब्लॉक के कमरों में धुआं और आग की लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलते ही आईपी इस्टेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही दमकल की आठ गाड़ियां भी वहां तुरंत पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कार्यालय के फर्नीचर सहित दस्तावेज जलकर राख हो गए। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद इमारत के भीतर मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल गए थे। इसलिए घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। शुरु में शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई थी। हालांकि शिक्षा मंत्रालय ने इस सूचना पर बताया कि उनका कार्यालय डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित कर्तव्य भवन-दो में है। आग की घटना आइटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की इमारत में लगी थी। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।