मृतक की शिनाख्त लकीसराय, बिहार निवासी सोहन उर्फ आशु (32) के रूप में हुई है। दरअसल हादसे के समय सोहन सो रहा था। उसके चाचा किसी काम से बाहर गए तो कमरे का ताला बाहर से लगाकर चले गए। वापस आए तो घर में आग लगी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि आग पहली मंजिल पर दीया जलाने से लगी। पहली मंजिल पर रहने वाली महिला घर में दीया जलाकर बाहर चली गई थी। इस दौरान घर के सामान में आग लगी। आग लगने से धुआं दूसरी मंजिल पर पहुंचा और सोहन उसकी चपेट में आ गया। यदि कमरे का ताला बाहर से न लगा होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 2.15 बजे खबर मिली कि सदर बाजार की गली बर्ना, डिप्टीगंज स्थित 30 गज के मकान में आग लगी है। खबर मिलते ही पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब 4.30 बजे आग पर काबू पाया गया। इसके बाद दूसरी मंजिल से सोहन का शव बरामद हुआ।
बाद में क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल आग लगने की वजह दीया बताया जा रहा है। सदर बाजार थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस सोहन के चाचा व अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पत्नी और बच्चों के लिए सहारा था सोहन...
सोहन के माता-पिता की मौत हो चुकी है। इसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां एक बेटा है। परिवार गांव में रहता है। सोहन काम की तलाश में दिल्ली आया था। यहां उसके चाचा ने उसे माल ढुलाई का काम दिलवा दिया था। चाचा ने बर्ना गली में दूसरी मंजिल पर कमरा लिया हुआ था। सोहन चाचा के साथ ही रहता था।
मंगलवार को तबीयत खराब होने की वजह से वह काम पर नहीं गया। वह घर में ही सो गया। दोपहर के समय उसके चाचा किसी काम से बाहर निकले तो सोहन सो रहा था। चाचा सुरक्षा के लिहाज से बाहर ताला लगाकर चले गए। आग लगी तो सोहन बाहर नहीं निकल पाया और उसका अंदर ही दम घुट गया।