फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur Landfill Fire: धधकता रहा कूड़े का पहाड़, दिल्ली से नोएडा-गाजियाबाद तक फैला धुआं

Tue, 23 Apr 2024 12:21 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि रविवार शाम करीब 5.53 बजे कंट्रोल रूम को खबर मिली थी कि गाजीपुर स्थित लैंडफिल साइट पर आग लग गई है। तुरंत नजदीकी दमकल केंद्रों से आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। देखते ही देखते आग ने कड़े के पहाड़ के एक बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया।
विज्ञापन
Ghazipur Landfill Fire - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पारा चढ़ते ही गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ पर एक बार फिर आग लगी है। रविवार दोपहर को लगी आग पर सोमवार सुबह कुछ हद तक काबू तो पा लिया गया, लेकिन रह-रहकर आग धधकती रही। कूड़े के पहाड़ से धुआं उठने का सिलसिला लगातार जारी है। आसपास की राजवीर कॉलोनी, मुल्ला कॉलोनी, कोंडली, घड़ौली गांव, हरिजन बस्ती, मयूर विहार फेज-3, नोएडा सेक्टर-11 और गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी तक कूड़े के पहाड़ से उठने वाला जहरीला धुआं फैल गया। यहां रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत के अलावा घुटन और आंखों में जलन हो रही है। कई लोगों ने रात जागकर गुजारी। कुछ लोगों ने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजा।

विज्ञापन


एक ओर दमकल विभाग आग पर काबू पाने में जुटा रहा, तो दूसरी ओर दिल्ली नगर निगम ने आग के प्रभाव को कम करने की कोशिशें जारी रखीं। आग की लपटें शांत होने पर उठ रहे धुएं वाले स्थान पर जेसीबी की मदद से मिट्टी और बालू डालने का काम किया जा रहा है। कूड़े के पहाड़ के दोनों तरफ चार-चार दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। हरेक 10 मिनट में करीब 6 हजार लीटर पानी लेकर ये आग पर डाल रही हैं।

वहीं गाजीपुर में कूड़े के ढेर में लगी आग की लपटों के साथ सियासत भी तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा इसे लेकर आमने-सामने आ गए हैं। आम आदमी पार्टी घटना को लेकर जहां सफाई देने में जुटी है, वहीं भाजपा आग लगने के मामले में दिल्ली सरकार को घेर रही है। उसका कहना है कि सरकार की ओर से बरती गई लापरवाही से हर साल यहां आग लग रही है। आम लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

नजदीक के दमकल केंद्रों से आठ गाड़ियां मंगाईं
दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि रविवार शाम करीब 5.53 बजे कंट्रोल रूम को खबर मिली थी कि गाजीपुर स्थित लैंडफिल साइट पर आग लग गई है। तुरंत नजदीकी दमकल केंद्रों से आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। देखते ही देखते आग ने कड़े के पहाड़ के एक बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे ही आग लग गई थी। पूरी रात लैंडफिल साइट पर दमकल की गाड़ियों का आना-जाना लगा रहा। अगली सुबह करीब साढ़े 11 बजे आग पर काफी हद तक काबू तो पा लिया गया, लेकिन रह-रहकर वहां दोबारा आग भड़की जा रही थी। सोमवार को पूरा दिन दमकल की आठ गाड़ियां कूड़े के पहाड़ पर लगी आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।

तेज बारिश होने पर ही शांत होगी आग
दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कूड़े के पहाड़ पर लगी आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल काम है। पानी डालकर आग को तो बुझा लिया जाता है, लेकिन लगातार धुआं निकलता रहता है। मौका लगते ही आग दोबारा भड़क जाती है। एमसीडी आग वाले स्थान को मिट्टी या बालू से ढक दे तो आग लगने की संभावना कम हो जाती है लेकिन मौके पर आग बुझाने वाले दमकल कर्मियों की मानें तो अब ये आग तेज बारिश होने पर ही शांत होगी।

हर साल गर्मी में ऐसे ही आग लग जाती है। धुएं के कारण कॉलोनी के लोगों का बुरा हाल है, लेकिन अपना घर छोड़कर कहा जाएं। - मुन्ना, निवासी, मुल्ला कॉलोनी
रात को सब्जी मंडी से दुकान बंद कर घर लौटा तो आंख में मिर्ची जैसा धुंआ लगा। लोगों का बुरा हाल है, लेकिन क्या कर सकते हैं, आदत पड़ गई है। - इमरान, निवासी, मुल्ला कॉलोनी
खत्ते के अंदर से गैस निकलती है। बचपन से ही देखता आ रहा हूं कि गर्मियों में इसमें आग लग जाती है। धुएं से बुरा हाल है। - विजेन्द्र, निवासी, राजवीर कॉलोनी
आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। ये पूरी गर्मी ऐसे ही सुलगती रहेगी। तेज बारिश होगी तभी आग शांत होगी। - नरेन्द्र सिंह गौतम, निवासी, राजवीर कॉलोनी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें