अमन विहार के किराड़ी इलाके में मंगलवार सुबह फर्नीचर की एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग देखकर दुकान के मालिक को हार्ट अटैक आ गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं घटना के समय दुकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद एक कर्मचारी जान बचाने के लिए ऊपर से कूद गया, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची दमकल की आठ गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
किराड़ी में मेन रोड पर संतराम फर्नीचर हाउस नाम से दुकान थी, जिसका मालिक संतराम परिवार के साथ इसी इलाके में रहता है। मंगलवार सुबह करीब पौने 9 बजे दुकान में अचानक आग लग गई। उस समय दुकान की ऊपर की मंजिल पर एक कर्मचारी राजकुमार मौजूद था। आग लगते ही उसने छलांग लगा दी। लोगों ने आग लगने की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया। उधर सूचना मिलने के बाद दुकान का मालिक संतराम भी मौके पर पहुंचा, लेकिन भीषण आग देखकर उसे हार्ट अटैक आ गया। पुलिस ने उसे भी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
मौके पर पहुंची दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन कर रही है।