-अलीपुर इलाके में लगी थी आग, 18 गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक बैंक्वेट हॉल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे परिसर में धुएं का गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गईं।
दमकल विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 7.40 बजे अलीपुर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही आस पास के फायर स्टेशनों से दमकल की 18 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग बैंक्वेट हॉल में रखे टेंट और सजावटी सामान में लगी थी, जिसने कुछ ही देर में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 9 बजे आग पर काबू पा लिया।
आग में बैंक्वेट हॉल के अंदर रखा फर्नीचर, टेंट का सामान और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद इलाके में काफी देर तक धुआं फैलता रहा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।