समयपुर बादली में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग
- फोटो : ani
समयपुर बादली इलाके में मंगलवार दोपहर प्लास्टिक के बैग बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। देर रात तक आग बुझाने और कूलिंग करने का काम किया जा रहा था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के बाद यहां काम कर रहे मजदूर बाहर निकल गए। शुरूआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन कर रही है। उधर, कश्मीरी गेट रिंग रोड पर बस अड्डे की ओर जा रही है डीटीसी की एक लो-फ्लोर बस में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
पुलिस व दमकल विभाग के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि गली नंबर-9 लेबर चौक के पास प्लास्टिक के बैग की फैक्टरी में आग लगी है। यह फैक्टरी 150 गज में फैली हुई है। आग लगने के दौरान यहां काफी मजदूर काम कर रहे थे। लेकिन सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल गए। प्लास्टिक होने की वजह से आग तेजी से फैली। कुछ ही देर में दो मंजिला फैक्टरी से आग की ऊंची लपटें निकालने लगीं।
मौके पर पहुंचे दमकल अधिकारियों ने आग को मध्यम दर्जे का घोषित कर मौके पर 30 दमकल की गाड़ियों को बुला लिया। दमकल कर्मियों ने आसपास कीफैक्टरियों को खाली करवा लिया और वहां मौजूद लोगों को दूर हटाकर आग बुझाने में जुट गए। करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उधर, मंगलवार दोपहर कश्मीरी गेट रिंग रोड पर एक डीटीसी लो-फ्लोर बस में आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार सभी यात्री बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जलकर राख हो गई। शुरूआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।