नरेला औद्योगिक इलाके में बुधवार रात जूते-चप्पल बनाने की एक फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल की 20 गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस मामला दर्ज कर आग लगने के कारणोें की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस व दमकल विभाग को फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई।
चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद फैक्ट्री का निरीक्षण करने के दौरान दमकल कर्मियों को एक मजदूर का झुलसा हुआ शव एक कमरे में मिला। मृतक की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी बबलू (22) के रूप में हुई।
बबलू टीकरीखुर्द गांव में किराये के मकान में रहता था और फैक्ट्री में नौकरी करता था। वहीं, एक अन्य मजदूर अनिल घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि रात में दूसरी मंजिल पर कुछ मजदूर काम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक मशीन से चिंगारी निकली और पास रखे प्लास्टिक व केमिकल के संपर्क में आने से आग लग गई। कुछ देर में ही आग ने भयावह रूप ले लिया। आग लगने के बाद मजदूरों ने छत से कूदकर जान बचाई।