दिल्ली के रानीबाग पुलिस स्टेशन के 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इनपर बीजेपी नेता सुरेंद्र अग्रवाल और उनके बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप है।
मामला 6 मई का है, सुरेंद्र अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा था कि रानी बाग थाने के कुछ पुलिसकर्मी उनके घर से स्कूटी उठाकर ले गए थे। जब मेरे छोटे बेटे ने थाने में जाकर इसके बारे में पूछा तो पुलिसकर्मियों ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया।
बीजेपी नेता ने बताया कि थोड़ी देर बाद मेरा बड़ा बेटा भी थाने गया तो उसे भी पीटा गया। काफी देर बाद जब दोनों घर वापस नहीं लौटे तो मैं खुद अपनी पत्नी के साथ थाने गया। पुलिस वालों ने मेरे साथ भी मारपीट की और पत्नी के साथ बदसलूकी की।
उन्होंने कहा, घटना के समय एसएचओ थाने में उपस्थित नहीं था लेकिन जब वो वापस आया तो पुलिसकर्मियों का बचाव करने लगा। उसने हमें कोई शिकायत दर्ज न कराने के लिए भी कहा।
इसके बाद बीजेपी नेता ने होम मिनिस्ट्री में इस मामले की शिकायत की और मंगलवार को पुलिस कमिश्नर से जाकर मुलाकात की। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने मामले में जांच के निर्देश दिए।
मामले की जांच के बाद सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था। वहीं एसएचओ को सस्पेंड कर एफआईआर दर्ज कर दी गई थी। इस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए अब अन्य 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है।