सेना में तैनात जवान की पत्नी ने उस पर शादीशुदा और दो बच्चों का पिता होने के बाद भी धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। इसका विरोध करने पर वह हाथ-पैर बांधकर अप्राकृतिक यौनाचार करने लगा। वह उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की धमकी भी देता है। महिला का कहना है कि ससुराल के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते हैं। वजीराबाद थाना पुलिस ने छानबीन के बाद विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से मुरादाबाद निवासी सपना (26) (बदला नाम) दिल्ली के वजीराबाद इलाके में रहती है। सपना के मुताबिक, जनवरी 2017 में उसकी शादी मुरादाबाद निवासी सेना के जवान से हुई थी। सपना ने बताया कि शादी के बाद पति ससुराल ले जाने के बजाय उसे दिल्ली ले आया। दोनों मकान बदल-बदलकर दिल्ली-एनसीआर में रहने लगे। सपना के मुताबिक, शादी के कुछ दिन बाद उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। सपना ने विरोध जताया तो आरोपी ने उससे मारपीट करने के अलावा हाथ-पैर बांधकर अप्राकृतिक यौनाचार भी शुरू कर दिया।
सपना के मुताबिक, उसके पति की पहली पत्नी व परिजन भी दिल्ली आ धमके और उसे धमकाकर अतिरिक्त दहेज लाने की मांग शुरू कर दी। परेशान होकर सपना ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। मई में मिली शिकायत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।