हसनपुर थाना क्षेत्र के मां ओमवती डिग्री कॉलेज में माली थी पीड़ित
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हसनपुर थाना क्षेत्र के मां ओमवती डिग्री कॉलेज में माली की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने कॉलेज से जुड़े चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी इमरोज के अनुसार, गांव संडोली निवासी हरिचंद ने अदालत में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि 2021 तक उसकी तनख्वाह बढ़कर 15,500 रुपये प्रतिमाह हो गई थी, लेकिन उसे केवल 8,400 रुपये दिए जाते थे। उसने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन बैंक खाते में वेतन जमा करने से पहले उससे हस्ताक्षर किए हुए खाली चेक ले लेता था और शेष रकम निकाल लेता था। उसे बताया जाता था कि शेष राशि पीएफ में जमा की जा रही है।
हरिचंद ने आरोप लगाया कि अक्टूबर और नवंबर 2023 का वेतन नहीं दिया गया और पीएफ व बकाया राशि मांगने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर उसने अदालत का रुख किया। अदालत के 23 जुलाई के आदेश के पुलिस ने बुधवार को ललित गुप्ता, बिजेंद्र, एके सिंह और जय भगवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।