-युवक के परिजनों ने शाहबाद डेयरी थाने में की थी अपहरण की शिकायत
-एक साल से परिवार वालों से बेरोजगारी और आर्थिक तंगी की बात छिपाया था युवक ने
-किश्त चुकाने का दबाव बढ़ने पर घर छोड़ा, पुलिस ने किया परिवार के हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बाहरी उत्तरी जिले की पुलिस ने बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से तंग आकर घर से लापता हुए 35 साल के युवक प्रशांत को कौशांबी मेट्रो स्टेशन के बस स्टैंड के पास सकुशल बरामद किया है। उसके लापता होने के बाद सोमवार रात परिवार वालों ने शाहबाद डेयरी थाने में अपहरण की शिकायत की थी। युवक ने खुलासा किया कि आर्थिक तंगी, बेरोजगारी और कर्ज के दबाव के चलते उसने अपनी मर्जी से घर छोड़ दिया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि 3 अगस्त की रात 9.10 बजे शाहबाद डेयरी थाना पुलिस को रोहिणी निवासी प्रशांत के अपहरण की शिकायत मिली। उसके पिता सत्तन बाबू ने पुलिस को बताया कि वह एक दवा कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव का काम करता है। उनका बेटा प्रशांत दोपहर करीब 3.30 बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।