दिल्ली गैंगरेप पर वित्त मंत्री अरुण जेटली के बयान को लेकर राजधानी में सियासत तेज हो गई है। महिला कांग्रेस की सदस्यों ने जेटली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
महिला कांग्रेस की नेता शोभा ओझा ने कहा कि अपने बयान के लिए जेटली देश की महिलाओं से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि जेटली ने निर्भया गैंगरेप मामले को छोटी सी घटना बताकर न सिर्फ निर्भया का अपमान किया बल्कि देश की सारी महिलाओं का अपमान किया है।
जेटली के बयान का सोशल मीडिया पर भरी खूब विरोध हो रहा है। ट्विटर पर #RapeSmall4BJP और #BigMinisterSmallRape हैशटैग ट्रेंड हो रहे हैं। ट्विटर पर एक युवक ने लिखा कि भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह जनता को धोखा दे रही है। उसने लिखा- 'भाजपा सरकार को लाखों डॉलर की चिंता है, एक महिला की इज्जत की नहीं।'
वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि बीजेपी ने चुनाव जीतने के लिए कई बार निर्भया के नाम का इस्तेमाल किया और अब ऐसे बयान देकर पार्टी देश को शर्मसार कर रही है।
बयान से बढ़ी सियासी गरमी
वित्त मंत्री अरुण जेटली के एक बयान से सियासी गरमी बढ़ गई है। दिल्ली गैंगरेप की वारदात को 'छोटी घटना' बताकर वित्त मंत्री अरुण जेटली विवादों में घिर गए हैं।
राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में जेटली ने कहा था कि दिल्ली में रेप की एक छोटी सी घटना का पूरी दुनिया में प्रचार कर दिया गया, इससे टूरिज्म को घाटा हुआ है। जेटली ने कहा था कि टूरिज्म इंडस्ट्री से देश को अच्छा खास टैक्स मिलता है, लेकिन निर्भया केस के बाद देश को लाखों डॉलर का नुकसान हुआ है।
जेटली के इस बयान के बाद विपक्षी पार्टियों ने केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सवाल किया है।
जेटली के बयान से मोदी पर उठे सवाल
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सवाल किया कि 'मोदी जी! आपके मंत्री को रेप एक छोटी सी घटना लगती है! ये कैसे अच्छे दिन हैं?'
सिसोदिया ने कहा कि 'मोदी जी! आप तो भाषण देते थे कि रेप की घटना से आपका माथा शर्म से झुक जाता है। अब जेटली जी की हरकत से आपको कुछ शर्म आती है क्या?'
उन्होंने यह भी सवाल दागा कि जिस मंत्रिमंडल में निहाल चंद जैसे महिला सुरक्षा के ठेकेदार हों, उसके रक्षा और वित्त मंत्री से ऐसी शर्मनाक टिप्पणी के अलावा क्या उम्मीद करें?
आप नेता ने कहा कि जेटली के इस बयान से पीड़िता के परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
बयान पर जेटली ने दी सफाई
दिल्ली गैंगरेप मामले में जेटली के बयान पर कांग्रेस ने भी जोरदार वार किया है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने उनके बयान की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया उसे छोटी बताना, बेहद शर्मनाक है।
वहीं, बयान को लेकर उटे विवाद के बाद वित्त मंत्री जेटली ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि रेप की घटना को छोटी बताना के उनका कोई उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि मुझे खेद है, मेरा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
जेटली ने कहा कि उनका इशारा इस ओर था कि बढ़ते क्राइम का असर टूरिज्म पड़ रहा है। अपनी सफाई में उन्होंने यह भी कहा कि उनके बयान को गलत ढ़ंग से लिया गया है।