पल्ला क्षेत्र की संतोष नगर कॉलोनी में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम के साथ लोगों ने हाथापाई की। पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीओ कमल धीमान ने बताया उन्हें संतोष नगर कॉलोनी में बिजली चोरी की सूचना मिली थी।
जेई सतीश, कुलदीप, लाइनमैन कर्मसिंह, त्रिवेणी प्रसाद और राजेंद्र की टीम गठित कर जांच के लिए पहुंचे। इस दौरान ओम शर्मा नाम व्यक्ति ने बिजली कर्मचारियों का विरोध शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में 30-35 लोग एकत्रित हो गए और बिजली कर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
विरोध करने पर कुछ लोगों ने हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद बिजली कर्मचारी कार्रवाई अधूरी छोड़ लौट आए। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।