विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में बैग और जरूरी सामान वितरित किए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब घर-घर जाकर पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में आसानी होगी। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-8 स्थित अग्रवाल धर्मशाला में कार्यकर्ताओं को बैग और जरूरी फील्ड किट वितरित की।
नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और जरूरतमंद परिवारों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और पोषण संबंधी सहायता की जरूरत वाले परिवारों तक उनकी सीधी पहुंच होती है। फील्ड किट मिलने से उनके घर-घर संपर्क और जागरूकता अभियान से जुड़े काम आसान होंगे।
आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़ेगा समुदाय :
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और परिवार कल्याण के सामुदायिक केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण और देखभाल उनके बेहतर भविष्य की नींव रखते हैं। इसके लिए परिवारों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी भी जरूरी है।
कुपोषण के खिलाफ लड़ाई सामूहिक जिम्मेदारी : उन्होंने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, इसमें समाज की भागीदारी भी जरूरी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मान और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने से पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ महिलाओं और बच्चों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा। कार्यक्रम की थीम 'हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' भी सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर केंद्रित रही।