शहर में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसकी चपेट में आकर रविवार देर रात ऊषा (19) की मौत हो गई। पिछले 15 दिनों से उसे तेज बुखार की शिकायत थी।
ऊषा सेक्टर-45 सदरपुर कॉलोनी के एक्टिव पीपल स्कूल में पढ़ाती थी। शिक्षिका के पिता शंकर लाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से ऊषा को तेज बुखार था। पहले उसको इलाज के लिए सेक्टर- 30 जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर कम से कम वो 7 दिनों तक भर्ती रही। लेकिन उसका बुखार नहीं उतरा।
डॉक्टरों के कहने पर जिला अस्पताल से उसको दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। मगर वहां पर भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। रविवार रात 12:30 पर उसकी मौत हो गई।
मालूम हो कि शहर में बुखार की वजह से अब तक जिले में कई लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले सर्फाबाद गांव में ही 17 लोगों की बुखार की वजह से जान जा चुकी है। वहीं सेक्टर-45 में भी बुखार की वजह से एक शख्स की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट का कर रहे हैं इंतजार
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से हमारे पास रिपोर्ट आती है। हम अभी रिपोर्ट का इंतजार का कर रहे हैं। उसके बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा। - डॉ. विजय दीपक वर्मा, सीएमओ ।