जेल में गुनाहों की सजा काट रहीं महिला कैदी अब फैशन डिजाइनर बन कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाएंगी। उनके डिजाइन किए कपड़े ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले रियल्टी शो में मॉडल के माध्यम से पेश किए जाएंगे।
दरअसल, सामाजिक संस्था अरुणा सेवा सदन के माध्यम से गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जेल की 36 महिला कैदियों के कौशल विकास के लिए उन्हें एक माह का फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कराया जा रहा है। महिला कैदियों की प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए उनके द्वारा डिजाइन किए गए कपड़ों को रियल्टी शो ‘मिस्टर एंड मिस’ एनसीआर में प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन कासना के पतला खेड़ा गांव स्थित वर्ल्ड क्लास एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी में 8 से 15 अक्तूबर तक होगा, जिसमें सिंगिंग, डांसिंग, मॉडलिंग और फैशन डिजाइनिंग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके लिए कॉलेज में 1 से 5 अक्तूबर तक ऑडिशन चलेगा। कार्यक्रम के फाइनल में प्रीति झिंगियानी बतौर जज मौजूद रहेंगी।
1 लाख का नगद पुरस्कार
आयोजक सदस्य दिव्या शक्ति सक्सेना ने प्रेस वार्ता में बताया कि बेस्ट फैशन डिजाइनर और अन्य सभी विजेता प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट और एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।