इंसाफ की कुर्सी पर बैठकर बदमाशों के भाग्य का फैसला करने वाली एक जज ने हकीकत में बदमाशों के छुक्के छुड़ा दिए। आनंद विहार इलाके में हुई वारदात में बदमाशों ने कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात जज प्रभदीप कौर (30) का मोबाइल झपटने का प्रयास किया था। बदमाश जब अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए तो उन्होंने जज साहेबा पर हमला कर दिया। पकड़े जाने के डर से बदमाश बैरंग ही फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। बदमाशों के हमले में प्रभदीप कौर मामूली रूप से जख्मी हो गई। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता प्रभदीप कौर परिवार के साथ राम विहार इलाके में रहती हैं। वह कड़कड़डूमा कोर्ट में जज हैं। अक्सर प्रभदीप कोर्ट से अपने घर रिक्शा में चली जाती हैं। गत शनिवार शाम को उन्होंने कोर्ट के पास से घर जाने के लिए रिक्शा लिया। इस बीच जैसे ही वह सूरजमल विहार ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के पास पहुंचा, अचानक बगैर नंबर की काले रंग की पलसर सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। पीड़िता ने अपने मोबाइल को छोड़ा नहीं। वह बदमाशों से भिड़ गई।
झंझलाकर एक बदमाश ने प्रभदीप कौर पर हमला कर दिया। शोर-शराबा होने की वजह से बदमाश पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गए। हमले में प्रभदीप कौर की आंख के पास चोट लगी। खबर मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रभदीप कौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।