दादरी के एनटीपीसी के पास जारचा क्षेत्र के पटाडी गांव में मंगलवार रात फिर तेंदुआ दिखाई देने पर ग्रामीण डरे हुए हैं। दहशत के कारण गेहूं की कटाई के लिए आठ से दस लोग समूह में जाते हैं। ग्रामीणों ने तेंदुआ दिखाई देने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी है। अब वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई) को तेंदुआ पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारचा क्षेत्र के गांव ऊंचा अमीरपुर, रसूलपुर, पटाडी समेत एनटीपीसी परिसर के नजदीक तीन माह में कई बार लोगों को तेंदुआ दिखा है। करीब एक माह पूर्व एनटीपीसी में कर्मचारियों ने जब तेंदुआ देखा था तो वन विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब मंगलवार को गांव पटाडी में तेंदुआ दिखाई देने पर फिर से ग्रामीणों में डर फैल गया है। गेहूं की फसल कटने को तैयार है, लेकिन किसान दहशत के चलते खेतों में कार्य करने नहीं जा पा रहे हैं।
वन विभाग के रेंजर प्रमोद श्रीवास्तव का कहना है कि एनटीपीसी में काफी समय पहले तेंदुआ दिखाई दिया था। अब ग्रामीण फिर तेंदुआ दिखाई देना बता रहे हैं। एनटीपीसी में वार्ता कर वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई) को पत्र भेजा है। टीम आने के बाद तेंदुए को पकड़ा जाएगा।