जिले में लाकडाउन के दौरान छूट की अवधि दो घंटे कम करके अब सुबह 6 बजे से 10 बजे तक कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादातर फसल कट चुकी है। वहीं छूट की अवधि में सड़कों पर भीड बढ़ जा रही है। सरकारी कार्यालयों में सामाजिक दूरी बनाकर काम हो रहा है। हाट स्पाट गांव में अभी कोई छूट नहीं है।
कुशीनगर: केस नहीं फिर भी सख्ती पहले जैसी
अब तक कोरोना के कहर से सुरक्षित कुशीनगर जिले में लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने बैंकों में जाकर लोगों को सामाजिक दूरी का पालन कराने व मुंह पर मास्क अथवा गमछा बांधकर ही घर से बाहर निकलने का निर्देश दिया। इसके अलावा लॉक डाउन का पालन कराने के लिए मस्जिदों के लाउडस्पीकर से भी सूचना प्रसारित कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को लॉक डाउन से अधिक चिंता तीन दिन की बारिश से भीगकर खराब हुई गेहूं की फसल को सुखाने व उसकी मड़ाई कराने को लेकर है। बृहस्पतिवार को तेज धूप निकली तो किसान अपने खेतों में फसल सुखाने में जुट गए।
लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए बिल्हौर में मनरेगा का काम शुरू नहीं किया गया है। तहसील क्षेत्र के चौबेपुर, शिवराजपुर, ककवन और बिल्हौर विकास खंड क्षेत्र की सभी 215 ग्राम पंचायतों में मनरेगा सहित किसी भी प्रकार के ग्राम पंचायत के कार्य तीन मई 2020 के बाद ही शुरू होने की संभावना है। तब तक जरूरतमंद बेरोजगार अपनी पंचायत के रोजगार सेवक, ग्राम विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी के पास पहुंच जरूरी अभिलेख जमाकर कर मनरेगा श्रमिक बन जाब कार्ड बनवा सकते हैं। वहीं हमीरपुर में 27 गांवों में मेड़बंदी और नालों का निर्माण शुरू करा दिया है। हालांकि अभी ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग खेती किसानी में जुटे हैं। कुरारा ब्लाक के 27 गांवों में 248 मजदूरों को काम दिया गया है।