डीएलएफ फेज-3 थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पिता ने अपनी 13 वर्षीय बच्ची के साथ घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। बच्ची के चिल्लाने पर जब पीड़िता की मां मौके पर पहुंची तब आरोपी फरार हो गया। पीड़िता की मां के बयान पर डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने पोक्सो समेत अन्य धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से पलवल निवासी 13 वर्षीय नाबालिग अपने परिवार के साथ पिछले कई सालों से डीएलएफ फेज-3 में रहती है। उसका पिता दूध टैंकर चलाता है। बच्ची की मां के पुलिस को दिए बयान के मुताबिक 19 अप्रैल की रात को उसने अपनी दोनों बेटियों के नाम से बैंक में खाता खुलवाने के लिए अपने पति से दो हजार रुपये मांगे थे।
इसे लेकर शराब के नशे में धुत उसके पति ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह अपनी छोटी बेटी व बेटे को लेकर छत पर चली गई। उसके पति ने बड़ी बेटी को खाना देने की बात कहकर रोक लिया। महिला के मुताबिक कुछ देर बाद उसे कमरे से बेटी के चीखने चिल्लाने की आवाज आई। आवाज सुनकर जब वह नीचे पहुंची तो देखा कि उसका पति बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था।
उसे देखकर वह फरार हो गया। बेहोशी की हालत में बच्ची को अस्पताल में दाखिल कराया गया। बच्ची के स्वस्थ होने पर बुधवार रात महिला के बयान पर डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। डीएलएफ फेज-3 थाना प्रभारी निरीक्षक राम कुमार ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। बच्ची की हालत अब ठीक है।