ऑनलाइन वेरिफिकेशन के नाम पर मोबाइल हैक कर निकाल लिए रुपये
नई दिल्ली। द्वारका जिले में बिजली का अपग्रेड मीटर लगाने के नाम पर जालसाजों ने बाप-बेटी से 2.20 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले मीटर लगाने के बहाने फोन किया। उसके बाद पीड़ित के वॉट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी। इसके बाद उसने मोबाइल फोन हैक कर लिया और खाते से सारी मेहनत की कमाई एक झटके में उड़ा ले गए। द्वारका साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को नजफगढ़ निवासी सुंदर गोपाल चतुर्वेदी के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बीएसईएस ऑफिस से बताया। उसने सुंदर गोपाल को बताया कि मीटर लगाने से पहले आपको ऑनलाइन ऑथेंटिकेशन वेरीफिकेशन कराना पड़ेगा। इसके बाद आरोपी ने चतुर्वेदी के वॉट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी जिसमेें जालसाजों ने उसे जरूरी जानकारी भरने को कहा। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने फाइल ओपन करके जानकारी भेजी, उसके बैंक से तुरंत 1.60 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके फौरन बाद उसके बेटी के खाते से भी 60 हजार रुपये कट गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, जालसाजों ने फौरन फोन काट दिया। माना जा रहा है कि आरोपी ने एपीके फाइल के जरिये ही उसका फोन हैक किया। इसके बाद उसने मोबाइल में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसके और उसके बेटी के खाते की जानकारी लिए और खाते से पैसे निकाल लिए। वहीं, साइबर थाना पुलिस मामले को लेकर छानबीन कर रही है।