दिल्ली में उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने जाफराबाद के चौहान बांगर में बेटी के दोस्त सलमान की दिनदहाड़े हत्या करने वाले पिता मंजूर व नाबालिग भाई को पकड़ लिया है। आरोपियों ने सलमान की हत्या की साजिश तीन दिन पहले ही रच ली थी। इसके लिए ये मुहल्ले में स्थित दुकान से चाकू व कैंची आदि ले आए थे। पुलिस युवती के फरार बड़े भाई की तलाश कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टर्की ने बताया कि सलमान नामक युवक की चौहान बांगर की कल्याण सिनेमा वाली गली में रहने वाले मंजूर की बेटी से दोस्ती थी। दोनों का दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब तीन महीने पहले मंजूर के 16 वर्षीय बेटे को इस दोस्ती के बारे में पता लग गया। उसने अपनी बहन का व्हाट्सएप देख लिया था। मंजूर व उसके बेटों ने सलमान को घर बुलाकर समझाया और दूर रहने की सलाह दी। मगर सलमान ने गली में आना नहीं छोड़ा। बताया जा रहा है कि वह लड़की की गली में स्थित जिम में आता था। तीन दिन पहले मंजूर व उसके बेटों ने सलमान को पकड़ लिया था और उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली थी। मगर कुछ युवकों के वहां आने पर मामला सुलझ गया था।
जाते हुए सलमान लड़की के छोटे भाई को बोल गया कि वह उसकी बहन से शादी करेगा और वह उसका साला बनेगा। इस पर लड़की का परिवार भड़क गया और उन्होंने सलमान की हत्या की साजिश रच ली। ये तीन दिन पहले ही हथियार ले आए थे। गत सोमवार को सलमान गली में आया तो तीनों पिता-पुत्रों ने चाकू व कैंची से ताबड़तोड़ वार कर सलमान की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सलमान के शरीर पर घाव के 8 से 10 निशान मिले हैं।
बुलंदशहर यूपी भाग गए थे-
सलमान की हत्या करने के बाद मंजूर बेटों के साथ बुलंदशहर यूपी भाग गया था। जाफराबाद थानाध्यक्ष रामसहाय मीणा व जिले के स्पेशल स्टाफ प्रभारी राजेंद्र कुमार की टीम आरोपियों की जांच कर रही थी। कई किमी पीछा करने के बाद इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार की टीम ने मंजूर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके 16 वर्षीय नाबालिग बेटे को भी पकड़ लिया गया है। फरार बड़े बेटे मोहसिन की तलाश की जा रही है।