- राष्ट्रीय महिला आयोग के ‘शक्ति संवाद : दो दिवसीय क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण’ कार्यक्रम में पहुंची मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट, अत्याधुनिक कैमरों और लाइटों से दिल्ली सुरक्षित होगी। वह बृहस्पतिवार को भारत मंडपम में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) द्वारा आयोजित ‘शक्ति संवाद: दो दिवसीय क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण’ कार्यक्रम में बोल रही थी।
सीएम ने कहा कि दिल्ली में सुरक्षा के क्षेत्र में 10 हजार अत्याधुनिक कैमरे और एक लाख स्मार्ट सेंसर्ड एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके अलावा 53 नए न्यायिक पदों को स्वीकृति देकर फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों के गठन का मार्ग प्रशस्त किया गया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘शक्ति संवाद’ केवल थीम नहीं, बल्कि महिलाओं की सामूहिक शक्ति और आपसी संवाद से भविष्य का मार्ग तय करने का माध्यम है। दिल्ली में महिलाओं को नाइट शिफ्ट में कार्य करने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा सरकार ने आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महिलाओं को 10 करोड़ रुपये तक का बिना गारंटी वाला लोन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर एनसीडब्ल्यू की चेयरपर्सन विजया रहाटकर, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव बी. राधिका चक्रवर्ती समेत आयोग के अन्य सदस्य उपस्थित थे।