फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kisan Andolan Live: किसान यूनियन ने स्वीकारा सरकार के बातचीत का प्रस्ताव, 29 दिसंबर को बैठक

Sat, 26 Dec 2020 07:26 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

दिल्ली की कई सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों का आंदोलन आज 32वां दिन है। सरकार और किसानों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन सभी बेनतीजा रहीं है। सरकार के वार्ता के नए प्रस्ताव पर किसान संगठन आज फैसला ले सकते हैं। किसान संगठनों ने शुक्रवार को भी इस पर विचार किया था। सरकार को उम्मीद है कि दो-तीन दिनों में किसानों के साथ बातचीत शुरू हो सकती है, यहां पढ़ें किसान आंदोलन से जुड़ा पल-पल का अपडेट...
 
विज्ञापन
किसान आंदोलन - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:19 PM, 26-Dec-2020

किसानों ने बनाया 'सरकार रूपी रावण'

शनिवार को किसानों ने अनूठे अंदाज में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर एक किसान रावण की वेशभूषा में पहुंचा। इसे सरकार रूपी रावण का नाम दिया गया था। 
 

06:56 PM, 26-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है, हम लोग सावधान हैंः दिल्ली पुलिस कमिश्नर

दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस. एन. श्रीवास्तव शनिवार शाम किसान आंदोलन के चलते सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। हम लोग सावधान हैं। स्थिति नियंत्रण में है। सुरक्षा बल पर्याप्त है। 

06:28 PM, 26-Dec-2020

कृषि कानूनों के विरोध में हनुमान बेनीवाल ने तोड़ा एनडीए से नाता

केंद्र सरकार कृषि बिलों को वापिस न लेने पर अड़ी हुई है। ये तीनों बिल किसानों के खिलाफ हैं इसीलिए मैंने एनडीए छोड़ दी है, परन्तु कांग्रेस के साथ किसी प्रकार का गठबंधन नहीं करूंगा : हनुमान बेनीवाल, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख
 

 

विज्ञापन
05:55 PM, 26-Dec-2020

पंजाब और हरियाणा में टोल प्लाजा स्थायी रूप से खुले रहेंगेः दर्शन पाल

क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में टोल प्लाजा स्थायी रूप से खुले रहेंगे। 30 दिसंबर को हम सिंघु बॉर्डर से एक ट्रैक्टर मार्च का आयोजन करेंगे। 
 

05:26 PM, 26-Dec-2020

सांसद हनुमान बेनीवाल को किसानों ने अपने मंच पर आने से रोका

दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 स्थित धरने पर बैठे किसानों ने राजस्थान के सांसद हनुमान बेनीवाल को अपना मंच साझा करने से रोक दिया है। 

विज्ञापन
05:23 PM, 26-Dec-2020

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने किया सिंघु बॉर्डर का दौरा

दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने शनिवार को सिंघु बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर) का दौरा किया। यहां किसान कृषि बिल का विरोध कर रहे हैं। 
 

 

05:14 PM, 26-Dec-2020

किसान यूनियन ने सरकार के बातचीत के प्रस्ताव को किया स्वीकारा

किसान यूनियनों ने सरकार के बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। किसानों ने सरकार को 29 दिसंबर को सुबह 11 बजे बैठक का प्रस्ताव दिया है। इस बीच यूनियन ने मांग रखी है कि बैठक में तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसुी) को कानूनी दर्जा देने पर बात की जाए। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता और विद्युत संशोधन बिल को लेकर भी चर्चा हो।

05:13 PM, 26-Dec-2020

समाधान निकालना किसान के हाथ में नहीं है, समाधान सरकार निकालेगीः टिकैत

समाधान निकालना किसान के हाथ में नहीं है, समाधान सरकार निकालेगी। किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन कर रहे हैं। किसान हारेगा तो सरकार हारेगी और किसान जीतेगा तो सरकार जीतेगीः राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता

 

04:58 PM, 26-Dec-2020

किसानों ने खोला दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे का रास्ता

दिनभर बंद रखने के बाद शाम को किसानों ने दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे का रास्ता खोल दिया है। सुबह 11 बजे ही प्रदर्शनकारी किसानों ने दिल्ली से यूपी जाने वाली सभी लेन को बंद कर दिया था।

04:40 PM, 26-Dec-2020

हरिंदर सिंह खालसा ने भाजपा से दिया इस्तीफा

भाजपा के पूर्व लोकसभा सांसद हरिंदर सिंह खालसा ने तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों, उनकी पत्नियों और बच्चों की पीड़ा के प्रति पार्टी नेताओं और सरकार द्वारा दिखाई गई संवेदनहीनता के विरोध में पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

04:28 PM, 26-Dec-2020

किसान एक साथ देखेंगे चार शहजादे फिल्म

सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों ने अपने मनोरंजन को लेकर इंतजाम किया है। आज बड़ी स्क्रीन पर सभी किसान मिलकर चार शहजादे फिल्म देखेंगे।

04:13 PM, 26-Dec-2020

गाजीपुर बॉर्डर पर बनाया गया किसान पंजीकरण बूथ

गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके देखते हुए बॉर्डर पर एक किसान पंजीकरण बूथ बनाया गया है। इसमें आंदोलन में शामिल सभी किसानों की जानकारी रखी जा रही है। 

03:43 PM, 26-Dec-2020

संयुक्त किसान मोर्चा ने बुलाया प्रेस कॉन्फ्रेंस

संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से आज शाम 5:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। किसान नेताओं ने बताया कि कजारिया टाइल्स वाले शोरूम में कॉन्फ्रेंस होगी।

03:00 PM, 26-Dec-2020

किसानों के समर्थन में उतरा राजस्थान शिक्षक संघ

कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में राजस्थान शिक्षक संघ भी शामिल हो चुका है। संगठन के एक प्रतिनिधि ने बताया कि हमारे संगठन ने सरकार के खिलाफ राजस्थान में जगह-जगह प्रदर्शन किए हैं। इन कानूनों का प्रभाव पूरे मध्यम वर्ग पर पड़ेगा। 
 

02:47 PM, 26-Dec-2020

पंजाब से निकला 15000 किसानों का काफिला

केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बॉर्डर पर एक माह से चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए शनिवार को 15 हजार किसानों का काफिला पंजाब के संगरूर के खनौरी बॉर्डर से रवाना हुआ।  27 दिसंबर को डबवाली बॉर्डर से 15 हजार किसान दिल्ली में प्रवेश करेंगे।

02:38 PM, 26-Dec-2020

पंजाब से 15 हजार किसानों ने किया दिल्ली कूच

केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बॉर्डर पर एक माह से चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए शनिवार को 15 हजार किसानों का काफिला पंजाब के संगरूर के खनौरी बॉर्डर से रवाना हुआ।  27 दिसंबर को डबवाली बॉर्डर से 15 हजार किसान दिल्ली में प्रवेश करेंगे।

 

02:14 PM, 26-Dec-2020

गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे 2000 किसान

गाजीपुर बॉर्डर पर आज सुबह पंजाब से 2000 किसान पहुंचे हैं। यहां अब कुल किसानों की संख्या करीब 15 हजार हो गई है।

12:58 PM, 26-Dec-2020

गाजियाबाद जाने के लिए इन रास्तों का करें उपयोग

दिल्ली यातायात पुलिस ने जानकारी दी है कि दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले एनएच-9 और एनएच-24 को किसानों ने ब्लॉक कर दिया है। गाजियाबाद जाने वाले यात्रियों को डीएनडी, आईटीओ और वजीराबाद के रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
 

12:15 PM, 26-Dec-2020

किसान लगातार कर रहे नारेबाजी

दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले यूपी गेट पर बने लिंक रोड को भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया है। किसान लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। किसानों के रास्ता बंद करने से ट्रैफिक का संचालन यूपी गेट पर पूरी तरह रुक गया है।
 

12:09 PM, 26-Dec-2020

यूपी गेट पूरी तरह से बंद

यूपी गेट पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सभी तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी है। अब किसान केवल एम्बुलेंस को ही आने-जाने की इजाजत दे रहे हैं।
 

12:05 PM, 26-Dec-2020

कानून निरस्त होते ही लौट जाएंगे घर: किसान

बुराड़ी स्थित समागम मैदान में प्रदर्शन कर रहे एक किसान ने कहा कि आज किसानों का विरोध शुरू हुए एक महीना पूरा हो गया है। सरकार को तीनों कानूनों को निरस्त कर देना चाहिए। जैसे ही कानून वापस लिए जाते हैं, हम अपने घरों को लौट जाएंगे।

11:59 AM, 26-Dec-2020

15 हजार किसान पहुंचेंगे दिल्ली बॉर्डर

आज पंजाब से 15 हजार किसानों का समूह दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचेगा। सभी किसान नए कृषि कानूनों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए दिल्ली बॉर्डर आ रहे हैं।
 

11:44 AM, 26-Dec-2020

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की सभी लाइन बंद 

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के 31वें दिन किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की सभी लाइनों को बंद कर दिया है। युवा किसान सड़क पर बैठकर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। सरकार से कानूनों को वापस लेने के मांग उठ रही है। 
 

11:34 AM, 26-Dec-2020

किशनगढ़ से अलवर होते हुए जयपुर जा सकते

धारूहेड़ा फ्लाईओवर के नीचे - यहां पर वाहन चालक भगत सिंह चौक, टपुकड़ा, तिजारा, किशनगढ़ से अलवर होते हुए जयपुर जा सकते हैं।
मसानी पुल - यदि वाहन चालक मसानी बैराज के पास फंसे हुए हैं तो उन्हें रेवाड़ी शहर होते हुए कुंड, नारनौल, नांगल चौधरी, पनियाला मोड से कोटपुतली होते हुए जयपुर जाने का रास्ता मिल सकता है।
 

11:26 AM, 26-Dec-2020

यहां से अलवर होते हुए वाहन चालक जयपुर जा सकते हैं

रेवाड़ी-गुरुग्राम सीमा के कापड़ीवास बॉर्डर पर-दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम की ओर से आने वाले वाहनों को आकेड़ा-भिवाड़ी-तीजार-अलवर की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। यहां से अलवर होते हुए वाहन चालक जयपुर जा सकते हैं। इसके लिए 100 किमी. तक ज्यादा दूरी तय करनी पड़ सकती है।
 

11:15 AM, 26-Dec-2020

हरियाणा-राजस्थान सीमा के खेड़ा बॉर्डर से लेकर गुरुग्राम तक जाम की स्थिति

किसान आंदोलन के चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 पर हरियाणा-राजस्थान सीमा के खेड़ा बॉर्डर से लेकर गुरुग्राम तक जाम की स्थिति है। जाम से बचने के लिए डायवर्जन प्वाइंट की जानकारी होना जरूरी है। 

11:01 AM, 26-Dec-2020

गाज़ीपुर बॉर्डर पर भी टेंट सिटी तैयार

गाज़ीपुर (दिल्ली-यूपी) बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए सिंघु बॉर्डर की तरह दूसरी टेंट सिटी तैयार की गई है। 
 
 

10:54 AM, 26-Dec-2020

जब तक कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया जाता तब तक हम यहीं बैठे रहेंगे: प्रदर्शनकारी

कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर) पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि जब तक कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया जाता तब तक हम यहीं बैठे रहेंगे। चाहें एक साल या उससे अधिक समय लग जाएं।। 
 

10:48 AM, 26-Dec-2020

निरंकारी समागम ग्राउंड में डटे किसान

कृषि कानूनों के खिलाफ बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में किसान अभी भी डटे हुए हैं। 

10:36 AM, 26-Dec-2020

मिट्टी का कण-कण गूंज रहा है, सरकार को सुनना पड़ेगा: राहुल गांधी

किसान आंदोलन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि मिट्टी का कण-कण गूंज रहा है, सरकार को सुनना पड़ेगा। 
 

10:28 AM, 26-Dec-2020

हम आतंकवादी नहीं किसान हैं: प्रदर्शनकारी

सिंघु बॉर्डर से एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि मोदी सरकार से विनती है कि ये तीनों काले कानूनों को रद्द करें। जो लोग हमें आतंकवादी कह रहे हैं हम आतंकवादी नहीं हैं.. जब हम हिंदुओं के लिए लड़ते हैं तब हम फरिश्ते और जब हम अपने लिए लड़ रहें तो हमें आतंकवादी बोल दिया जाता है..हम आतंकवादी नहीं किसान हैं। 
 

10:23 AM, 26-Dec-2020

दोपहर 2 बजे होगी बैठक

सरकार के पत्र व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर आज 26 दिसबंर को दोपहर 2 बजे सयुंक्त किसान मोर्चा की मीटिंग उसी हॉल में (कजारिया टाइल्स, कुंडली, सिंघु बॉर्डर) आयोजित की जाएगी। 

10:12 AM, 26-Dec-2020

सरकार को उम्मीद अगले दौर की बैठक दो-तीन दिनों में हो सकती है

वहीं, केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के एक अधिकारी ने भी कहा कि सरकार को उम्मीद है कि अगले दौर की बैठक दो-तीन दिनों में हो सकती है। प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं में से एक ने नाम उजागर नहीं करने की इच्छा के साथ कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी की उनकी मांग बनी रहेगी।

09:59 AM, 26-Dec-2020

केंद्र के साथ बातचीत फिर से शुरू करने का फैसला कर सकते हैं किसान

संगठनों में से कुछ ने संकेत दिया कि वे मौजूदा गतिरोध का हल खोजने के लिए केंद्र के साथ बातचीत फिर से शुरू करने का फैसला कर सकते हैं। यूनियनों ने कहा कि आज उनकी एक और बैठक होगी जिसमें ठहरी हुई बातचीत को फिर से शुरू करने के लिए केंद्र के न्यौते पर कोई औपचारिक फैसला किया जाएगा। 

09:50 AM, 26-Dec-2020

शुक्रवार को कई किसान संगठनों ने चर्चा की लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ

किसान नेता ने कहा, सरकार के पत्र में कोई प्रस्ताव नहीं है। हमें लगता है कि सरकार हमारी मांगों को समझ नहीं पाई है। इसलिए संभव है कि हम नए सिरे से बातचीत शुरू कर सकते हैं ताकि सरकार अपनी मांगें ठीक से समझा दें। उन्होंने कहा, तीनों कानून रद्द करने की मांग से एमएसपी को अलग नहीं कर सकते। एक अन्य किसान नेता ने कहा, इन कानूनों में निजी मंडियों का जिक्र है। यह कौन सुनिश्चित करेगा कि हमारी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाएगा। शुक्रवार को कई किसान संगठनों ने चर्चा की लेकिन कोई फैसला नहीं लिया जा सका।

09:37 AM, 26-Dec-2020

किसान यूनियन ने स्वीकारा सरकार के बातचीत का प्रस्ताव, 29 दिसंबर को बैठक

दिल्ली की कई सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों का आंदोलन आज 32वां दिन है। सरकार के वार्ता के नए प्रस्ताव पर किसान संगठनों की आज बैठक होगी। इस बैठक में किसान संगठन नए वार्ता प्रस्ताव पर फैसला ले सकते हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें