फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन: दिल्ली-जयपुर हाइवे पूरी तरह बंद, संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक आज

Sat, 26 Dec 2020 12:10 AM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की कई सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का आंदोलन आज 31वें दिन में प्रवेश कर चुका है। किसानों ने अपने आंदोलन को तेज करने का एलान किया है। इसके तहत हरियाणा के सभी टोल फ्री किए जाएंगे। सरकार की तरफ से आए पत्र का क्या जवाब देना है इसको लेकर सिंघु बॉर्डर पर किसान नेता अहम बैठक कर फैसला लेंगे। इसके साथ ही दिल्ली की कई सीमाएं और रास्ते बंद रहेंगे। यहां पढ़ें हर अपडेट...
विज्ञापन
कृषि कानून के समर्थन में यूपी गेट पहुंचा जाट समाज(बाएं), हरियाणा में टोल फ्री का नहीं दिखा खास असर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:58 PM, 25-Dec-2020

एसपी रेवाड़ी का बयान

हाईवे किसी तरह अवरुध न हो इसके लिए पुलिस की ओर से पूरी तैयारी की गई है। सभी बॉर्डर पर नाकाबंदी कर पुलिस की तैनाती की गई है। आमजन को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। -अभिषेक जोरवाल, एसपी रेवाड़ी।

10:40 PM, 25-Dec-2020

रेवाड़ी पुलिस ने राजस्थान से आने वाले सभी रास्ते किए सील

राजस्थान के किसानों का हरियाणा में प्रवेश करने से रोकने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने सभी बॉर्डर को सील कर दिया है। इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जगह-जगह बैरिकेड लगाकर पुलिस बल तैनात किया हुआ है। पुलिस की ओर से जयसिंहपुर खेड़ा, कोटकासिम- बोलनी बॉर्डर, खंडोडा बॉर्डर व भिवाड़ी की तरफ से धारूहेड़ा को आने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर बैरिकेड लगाए गए हैं। इतना ही नहीं बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हाईवे के साथ सर्विस लेन को भी पुलिस ने बंद किया हुआ है। 

10:23 PM, 25-Dec-2020

 किसानों का बढ़ा जमावड़ा, तीन राज्यों से पहुंचे हजारों अन्नदाता

हरियाणा की रेवाड़ी पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए सीआईएसएफ, आरएएफ, वाटर कैनन की गाड़ियां व हाईवे पर कंटेनर लगाकर रास्ता बंद किया था। करीब एक घंटे तक किसानों व पुलिस के बीच तनातनी का माहौल रहा। बाद में किसान हाईवे पर ही बैठ गए। खेड़ा बॉर्डर पर किसानों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार की रात को भी तीन जत्थों में गुजरात व महाराष्ट्र से करीब तीन हजार किसान पहुंचे हैं। वहीं शनिवार को राजस्थान से सांसद हनुमान बेनीवाल भी अपने समर्थकों के साथ बॉर्डर पर दिल्ली जाने के लिए पहुंचेंगे। सांसद ने पहले से ही चेतावनी दी है कि किसानों के साथ दिल्ली जाएंगे। 

विज्ञापन
10:17 PM, 25-Dec-2020

दिल्ली-जयपुर हाइवे पूरी तरह बंद

कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन के 13 दिन बाद हरियाणा-राजस्थान की सीमा पर स्थित खेड़ा बॉर्डर से किसानों ने दिल्ली कूच किया तो पुलिस ने हरियाणा सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया। इससे शुक्रवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे दोनों तरफ से पूरी तरह बंद हो गया। बता दें कि 13 दिसंबर से जयपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क बंद थी लेकिन अब किसान दूसरी सड़क पर भी टेंट लगाकर बैठ गए हैं। 

10:08 PM, 25-Dec-2020

'किसानों से अपील है कि मंच पर आकर सरकार से बात करें'

हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे किसानों से अपील है कि मंच पर आकर सरकार से बात करें। इन बिलों में उन्हें जो ऐतराज़ है, उसपर बात करें। सरकार मानने के लिए तैयार है, सरकार ने कई प्रावधानों को बदलने के लिए कहा भी है। 
 

विज्ञापन
10:03 PM, 25-Dec-2020

जब तक हम में ताकत है, हम विरोध करते रहेंगे: पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि किसान को किसानी करनी है या मजदूरी करनी है, ये निर्णय केंद्र सरकार को करना होगा। इस मुद्दे पर हम एकजुट हैं, जब तक हम में ताकत है, हम विरोध करते रहेंगे। केंद्र सरकार ने किसानों को जो धोखा दिया है, उसका खामियाज़ा सरकार को उठाना पड़ेगा। 

09:58 PM, 25-Dec-2020

कल संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में वार्ता पर होगा फैसला

अलग अलग राज्यों की बैठक के बाद शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक में पंजाब सहित देश के सभी किसान संगठनों के प्रमुख होंगे। इस बैठक में सरकार की ओर से बातचीत के लिए भेजे पत्र के सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा के बाद ही वार्ता पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। 

09:48 PM, 25-Dec-2020

सरकार की चिट्ठी पर जारी है किसान संगठनों का मंथन

चिट्ठी मिलने से पहले किसानों ने एक दिन पहले कहा था कि किसान संगठन सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं। पहले भी जा चुके हैं और आगे भी अगर सरकार खुले मन और इस समस्या के समाधान के लिहाज से विचार करती है तो वार्ता हो सकती है। नई चिट्ठी के बारे में किसानों का कहना है कि सरकार जब एमएसपी के लिए लिखित गारंटी दे सकती है तो कानून बनाने में क्या परेशानी है। तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग किसान अभी भी अड़े हुए हैं। 

09:10 PM, 25-Dec-2020

वार्ता पर किसानों का रुख होगा साफ

इससे पहले किसानों की सरकार के साथ वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन बेनतीजा रहीं। एक महीने से तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने और एमएसपी की गारंटी के लिए कानून की मांग पर किसान डटे हुए हैं। सरकार की ओर से अब तक वार्ता के लिए की गई सिफारिशों को किसानों ने यह कहकर खारिज कर कि कानूनों को निरस्त करने से पहले बातचीत के लिए राजी नहीं हैं। 

08:52 PM, 25-Dec-2020

संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक कल

आंदोलनकारी किसानों को केंद्र सरकार की ओर से वार्ता का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद सभी किसान संगठनों के बीच आपसी चर्चाओं का दौर जारी है। किसान अभी भी तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर डटे हुए हैं। एमएसपी पर सरकार की ओर से लिखित आश्वासन को कानून का रूप देने की भी किसानों की मांग है। शुक्रवार को सिंघु बॉर्डर पर पंजाब के किसान संगठनों की बैठक में सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। वहीं, शनिवार को देश भर के किसान संगठनों की बैठक के बाद ही सरकार से वार्ता पर किसानों का रुख साफ होगा।

07:59 PM, 25-Dec-2020

किसानों ने 72 घंटे के लिए करवाए हरियाणा के टोल प्लाजा फ्री

ढासा बॉर्डर पर किसानों ने बादली बॉर्डर को फ्री करवाया जबकि हरियाणा के आसपास के शहरों के टोल भी करवाए गए। टोल फ्री करवाए जाने से अलग अलग मार्गों से दूसरे शहरों की ओर रुख करने वाले लोगों की चिंता सताती रही कि आवागमन में कहीं कोई बाधा न हो। किसान नेताओं ने स्पष्ट कर किया कि हमारा उद्देश्य आम लोगों को तकलीफ पहुंचाना नहीं है बल्कि सरकार और कॉरपोरेट्स को किसानों की समस्या से अवगत कराना है।

07:53 PM, 25-Dec-2020

किसानों ने 72 घंटे के लिए करवाए हरियाणा के टोल प्लाजा फ्री

संयुक्त किसान मोर्चा का दावा है कि किसानों ने शुक्रवार को हरियाणा के सभी टोल प्लाजा को फ्री करवाया। दिल्ली के सीमावर्ती बादली बॉर्डर, बहादुरगढ़, मुरथल समेत सभी टोल 72 घंटे के लिए फ्री कर दिए गए हैं। हालांकि इस दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा गया। भारतीय किसान यूनियन के प्रधान गुरनाम सिह चढ़ूनी ने कहा कि सभी टोल प्लाजा फ्री करवाए गए। आगे भी दो दिनों के लिए ऐसा ही रहेगा।

07:12 PM, 25-Dec-2020

किसान आंदोलन में एक व्यक्ति फ्री में लोगों के काट रहा बाल  

गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के दौरान एक व्यक्ति फ्री में लोगों के बाल काट रहा है। उसने बताया कि यहां मैं अपने बड़े-बूढ़ों की सेवा करने आया हूं। उन्हें समर्थन करने आया हूं। मैंने आज से ही यहां लोगों के बाल काटने शुरू किए हैं।
 

07:04 PM, 25-Dec-2020

दिनभर चलता रहा ट्रैक्टरों का प्रदर्शन

इस ट्रैक्टर में आगे और पीछे दोपहिया लगाए गए हैं। साथ ही एक विशेष ट्रॉली को भी बनाया गया है जिसमें बस की तर्ज पर सीटों की व्यवस्था की गई है। कुछ लोगों का  जत्था इस ट्रैक्टर और ट्रॉली के पास दिनभर सेल्फी के लिए जुटा रहा। 
 

06:51 PM, 25-Dec-2020

दिनभर चलता रहा ट्रैक्टरों का प्रदर्शन

टीकरी बॉर्डर पर शुक्रवार को दिनभर ट्रैक्टरों का प्रदर्शन चलता रहा। अपने साथ ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसानों ने देशभक्ति गीतों के साथ रैली निकाल ट्रैक्टरों का प्रदर्शन किया। इसमें सबसे आकर्षण का केंद्र महिंद्रा युवो रहा जिसे हरियाणा से खाप द्वारा विशेष रूप से मॉडिफाई करा लाया गया है।

06:08 PM, 25-Dec-2020

किसानों का बड़ा काफिला हापुड़ जिले में पहुंचा

उत्तर प्रदेश के अमरोहा की तरफ से किसानों का बड़ा काफिला हापुड़ जिले में प्रवेश कर गया है। बृजघाट पहुंचे काफिले में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉली समेत सैकड़ों किसान शामिल हैं। हाईवे-9 से दिल्ली की ओर कूच कर रहा है। हाइवे पर भारी पुलिस बल तैनात है।

05:33 PM, 25-Dec-2020

'उम्मीद है कि किसानों और सरकार के बीच अगली बैठक में समाधान निकाला जाएगा'

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा है कि मुझे उम्मीद है कि किसानों और सरकार के बीच अगली बैठक में एक समाधान निकाला जाएगा। कई राज्यों के किसान भी नए कृषि कानूनों का समर्थन कर रहे हैं और प्रधानमंत्री को 'धन्यवाद' पत्र भेज रहे हैं।
 

05:09 PM, 25-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर पहुंची डॉक्टरों की टीम

भारतीय किसान यूनियन पंजाब की टीम डॉक्टरों के साथ चिल्ला बॉर्डर के धरनास्थल पर पहुंची और आंदोलन कर रहे किसानों से उनकी समस्या पूछकर दवा आदि दी।

05:00 PM, 25-Dec-2020

किसानों ने थाली बजाकर किया कृषि कानूनों का विरोध

नोएडा के दलित प्रेरणास्थल पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज थाली बजाकर केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानूनों का विरोध किया और उसे वापस लेने की मांग की।

04:18 PM, 25-Dec-2020

किसानों को समाज के सभी तबकों का मिल रहा समर्थन

किसानों को समाज के सभी तबकों से समर्थन मिल रहा है। पूर्व आईएएस अधिकारी से लेकर बैंककर्मी भी किसानों के समर्थन में गाजीपुर बॉर्डर पहुंच रहे हैं। हक की लड़ाई में किसानों का साथ दे रहे हैं।

03:43 PM, 25-Dec-2020

राहुल गांधी जवाब दें 2019 के घोषणापत्र में क्या किए थे वादेः निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, राहुल गांधी को इसका जवाब देना चाहिए कि 2019 के चुनाव में कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या वे कृषि कानूनों को नहीं लाना चाहते थे? कृषि कानूनों में सुधार प्रधानमंत्री के द्वारा किया गया है इसलिए कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।

03:15 PM, 25-Dec-2020

सराय टोल प्लाजा नहीं हुआ फ्री

फरीदाबाद में सराय टोल प्लाजा पर किसानों की तरफ से किए गए टोल फ्री के आह्वान का कोई असर नहीं दिखा। सुबह से ही कैश लाइन में पर्ची कटवाते देखे गए वाहन चालक।

02:52 PM, 25-Dec-2020

इन कृषि कानूनों से ढेर सारे नुकसान हैं और एक भी फायदा नहींः केजरीवाल

केजरीवाल ने कृषि कानून को लेकर भाजपा द्वारा किए जा रहे दावों को लेकर आज एक बार फिर निशाना साधा है। केजरीवाल ने ट्वीट किया,  भाजपा का कहना है इन कानूनों से किसानों का कोई नुकसान नहीं होगा पर फायदा क्या होगा? ये कहते हैं अब किसान मंडी के बाहर कहीं भी फसल बेच पाएगा। पर मंडी के बाहर तो आधे दाम में फसल बिकती है? ये 'फायदा' कैसे हुआ? सच्चाई ये है कि इन कानूनों से ढेरों नुकसान हैं और एक भी फायदा नहीं।

02:36 PM, 25-Dec-2020

किसानों के हमदर्द बनकर उन्हें गुमराह करने का पाप करने वालों को जनता देगी सजाः कृषि मंत्री

कुछ लोग जो जमीनी आधार खो चुके हैं, समय-समय पर वो कंधों की तलाश करते हैं और आज किसान आंदोलन से किसान के कंधों पर अपनी वैचारिक बंदूक चलाकर अपना हित साधना चाहते हैं। किसानों के हमदर्द बनकर उनको गुमराह करने का जो पाप कर रहे हैं उसकी सजा आने वाले कल में जनता उनको देगी।

02:28 PM, 25-Dec-2020

पहले गोदाम बन गए उसके बाद में बनाया कृषि कानून : राकेश टिकैत

मुरादाबाद के बिलासपुर से किसानों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मुरादाबाद में इकरोटिया टोल प्लाजा पर बात की। कहा कि कृषि कानून पूंजीपतियों के लिए बना है। देश में पहले उन्होंने अपने गोदाम बना लिए उसके बाद सरकार ने कानून बनाया। इसी से साबित होता है कि पूंजीपतियों के पक्ष में इसे बनाया गया है । जब यह कानून बनाया गया तो ना तो सरकार ना प्रशासन किसी का किसानों को सपोर्ट नहीं मिला। इसका विरोध जारी रहेगा।

02:14 PM, 25-Dec-2020

फरीदाबाद में सराय टोल प्लाजा पर किसानों के आह्वान पर टोल फ्री का कोई असर नहीं दिख रहा है। यहां लोग कैश लाइन से पर्ची लेते और जाते देखे जा रहे हैं।

02:06 PM, 25-Dec-2020

धरना कर रहे कांग्रेसी सांसदों से मिले अधीर रंजन चौधरी

जंतर मंतर पर पंजाब के कांग्रेसी नेताओं का धरना आज भी जारी है। शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी धरनास्थल पर पहुंचे। जंतर-मंतर से नेताओं ने सदन सत्र बुलाने की मांग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई।

01:44 PM, 25-Dec-2020

किसान आंदोलन के चलते रेवाड़ी के इन रास्तों पर लगा जाम

- दिल्ली जयपुर हाईवे पूरी तरीके से जाम
- दिल्ली से जयपुर मार्ग भी हुआ जाम
- भारी संख्या में किसान उतरे हाईवे पर पर
- हजारों की संख्या में किसान हाईवे पर मौजूद
- किसान दिल्ली कूच के लिए अड़े
- किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने किए पुख्ता इंतजाम
- जयपुर दिल्ली मार्ग पहले से ही किसानों ने कर रखा था जाम

01:25 PM, 25-Dec-2020

कोई कॉर्पोरेट किसान की जमीन नहीं छीन सकता

सुशासन दिवस के मौके पर देश के किसानों को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, तब तक कोई कॉर्पोरेट किसानों से उनकी जमीन नहीं छीन सकता।

01:01 PM, 25-Dec-2020

यूपी गेट पर बैठे किसानों ने प्रधानमंत्री के दावे को झूठा बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को 6 राज्यों के किसानों को संबोधित कर रहे थे। इस बीच उन्होंने कृषि कानून के समर्थन में आए किसानों के बारे में भी जानकारी दी, जिसका यूपी गेट पर किसानों ने खुलकर विरोध किया, इस बीच किसानों ने प्रधानमंत्री के दावे को झूठा बताया।



 

12:57 PM, 25-Dec-2020

12 किसान हिरासत में

कुंडली गाजियाबाद पलवल हाईवे स्थित मौजपुर टोल पर फरीदाबाद पुलिस ने दो अलग-अलग समूह में 12 किसानों को हिरासत में लिया है। अन्य जगहों पर पुलिस की तैनाती बरकरार है। हालांकि किसानों की ओर से अभी तक कोई हलचल इन टोल पर नजर नहीं आई है।

12:47 PM, 25-Dec-2020

पंजाब सहित थोड़े से कुछ किसानों भाई-बहनों में भ्रम पैदा हुआ हैः नरेंद्र तोमर

कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि पंजाब सहित थोड़े से कुछ किसान भाई-बहनों के मन में नए कानूनों को लेकर भ्रम पैदा हुआ है। मैं उनको आग्रह करता हूं कि वो इस आंदोलन को त्याग कर सरकार के वार्ता के निमंत्रण पर आएं। मुझे आशा है कि किसान नए कानून के मर्म और महत्व को समझेंगे और हम समाधान की ओर अग्रसर होंगे।

12:29 PM, 25-Dec-2020

संयुक्त किसान मोर्चा ने आज सांसदों के आवास पर ज्ञापन देने का कार्यक्रम बदला

सयुंक्त किसान मोर्चा ने आज सांसदों के आवास पर  ज्ञापन देने के कार्यक्रम में बदलाव किया है। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह ने कहा कि अभी प्रदेश संगठन ने फैसला लिया है कि आज सांसद और मंत्री को चिट्ठी लिखी जाएगी। उसके बाद अगले चरण में ज्ञापन सौपेंगे। जबकि आज हरियाणा में सांसद और मंत्रियों के आवास पर ज्ञापन दिया जाएगा।

12:24 PM, 25-Dec-2020

पीएम मोदी ने 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18000 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त जारी की। प्रधानमंत्री ने 9 करोड़ से अधिक किसान लाभार्थियों के खातों में 18,000 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की।

12:17 PM, 25-Dec-2020

मैं किसानों को वचन देता हूं किसी भी कीम पर एमएसपी खत्म नहीं होगीः राजनाथ सिंह

दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किसानों के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के लिए तीन कानून बनाए गए हैं। लेकिन आज कुछ लोगों के द्वारा गलतफहमी पैदा की जा रही है कि एमएसपी खत्म कर दी जाएगी। मैं किसानों को वचन दे रहा हूं कि किसी भी कीमत पर एमएसपी खत्म नहीं होगी। वह आगे बोले, मैं अटल बिहारी जी के साथ चौधरी चरण सिंह जी को भी याद करना चाहूंगा, वे किसानों के सर्वमान्य नेता थे। चौधरी चरण सिंह जी को कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ने बार-बार धोखा दिया, जब वे यूपी के मुख्यमंत्री थे तो उस समय भी उनकी सरकार को गिराने का काम इन्ही दोनों पार्टियों ने किया।

12:14 PM, 25-Dec-2020

नरेंद्र मोदी ने ढाई साल में ही 95,000 करोड़ सीधे किसानों के अकाउंट में डलवा दिए

किसानों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, जब नरेंद्र भाई प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना लेकर आए तब राहुल बाबा समेत विपक्ष के सारे नेता कहते थे कि किसानों का ऋण माफ करो। कांग्रेस की सरकार ने 10 साल में 60,000 करोड़ का ऋण माफ किया। नरेंद्र मोदी ने ढाई साल में ही 95,000 करोड़ सीधे किसानों के अकाउंट में डलवा दिए।

12:13 PM, 25-Dec-2020

किसानों की खुशहाली का काम पहले भी किया जा सकता थाः योगी आदित्यनाथ

यूपी के सीएम योदी आदित्यनाथ ने आज कहा कि, किसानों की खुशहाली का काम पहले भी किया जा सकता था लेकिन पिछली सरकारों के पास फुर्सत नहीं थी। सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर परिवार, जाति के आधार पर भेदभाव करना जिन्होंने इसे अपने राजनीतिक जीवन का उद्देश्य बना दिया हो, आप उनसे क्या उम्मीद करते हैं?

11:41 AM, 25-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर पर 11 किसान क्रमिक अनशन पर बैठे

दिल्ली-नोएडा यानी चिल्ला बॉर्डर पर पांचवें दिन भी क्रमिक अनशन पर 11 किसान बैठे हैं। दरअसल बीते पांच दिनों से जहां भी किसान आंदोलन पर बैठे हैं वह 11 की संख्या में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं।

10:57 AM, 25-Dec-2020

डर के साए में काम कर रहे टोल के मैनेजर और कर्मचारी

30 दिन से चल रहा है किसानों के आंदोलन के लिए पहले से ही टोल फ्री किया गया है। टोल फ्री करवाने के साथ किसानों ने टोल पर डेरा डाल लंगर बनाने की भी बात कही है, जिसके चलते कर्मचारी और मैनेजर डर के साए में काम करने को मजबूर हैं। 

10:55 AM, 25-Dec-2020

टोल का एक दिन का किराया होता है 45 लाख रुपये

हालात ये है कि महीने भर में करोड़ों का नुकसान मालिकों को झेलना पड़ा है। साथ ही एनएचआई को एक दिन का टोल का किराया करीबन 45 लाख रुपये दिया जाता है और इसी के चलते दिन 45 लाख निकाल पाना बेहद मुश्किल हो गया है। हालांकि टोल मैनेजर का कहना है कि 3 दिन के टोल फ्री होने की सूचना स्थानीय प्रशासन के साथ NHI को दी गई है।

10:53 AM, 25-Dec-2020

किसान आंदोलन के चलते 25, 26 और 27 तीन दिन के लिए टोल फ्री करने का एलान किसानों द्वारा किया गया था और इसी के चलते मुरथल में स्थित भिगान टोल प्लाजा को किसानों द्वारा सुबह 9 बजे टोल  फ्री करवाया गया है। आने-जाने वाले किसी भी वाहन से कोई भी पैसा नहीं लिया जा रहा है। वहीं महीना भर से किसानों के किसी भी जत्थे से कोई भी टोल नहीं लिया जा रहा। इसके साथ ही पानीपत से भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट करने से भी टोल प्लाजा को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

10:52 AM, 25-Dec-2020

मुरथल टोल को किसानों ने कराया फ्री

सोनीपत में NH 44 पर स्थित मुरथल टोल को किसानों द्वारा फ्री करवाया गया है। देर रात से टोल सुचारू रूप से चल रहा था लेकिन सुबह करीब 9:00 बजे किसानों का एक जत्था टोल पर पहुंच गया और फिर टोल को फ्री कराया। वहीं टोल फ्री होने के बाद किसी भी वाहन से किसी भी प्रकार का कोई भी पैसा नहीं लिया जा रहा है।

09:41 AM, 25-Dec-2020

काले कानून वापस नहीं हुए तो हम यहां से नहीं जाएंगेः किसान

कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बाॅर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने बताया, 'हमें यहां बैठे हुए करीब एक महीना हो गया है, हमारी मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं। जब तक काले कानून वापस नहीं होंगे हम यहीं पर बैठेंगे।'
 

 

09:27 AM, 25-Dec-2020

किसान आंदोलन: दिल्ली-जयपुर हाइवे पूरी तरह बंद, संयुक्त किसान मोर्चा की अहम बैठक आज

गाजीपुर बॉर्डर पर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
किसानों का आंदोलन उग्र होने के चलते सरकार ने भी कमर कस ली है और तमाम प्रदर्शनस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। दिल्ली-यूपी बाॅर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बाॅर्डर पर सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें