फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकार कानून में संशोधन के लिए तैयार: छठे दौर की बैठक खत्म, अगली मुलाकात चार जनवरी को

Wed, 30 Dec 2020 09:54 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

दिल्ली की सीमाओं पर बैठे किसानों का आंदोलन आज 35वें दिन में प्रवेश कर चुका है। शीतलहर और घटता तापमान भी उनका हौसला नहीं तोड़ सका है। आज सबकी निगाहें किसान नेताओं और सरकार के बीच होने वाली छठे दौर की बैठक पर टिकी हैं। बैठक की सफलता और असफलता पर ही इस आंदोलन का भविष्य टिका है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की जिन सीमाओं पर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं वहां उनके समर्थकों का जमावड़ा बढ़ता ही जा रहा है। अब इस आंदोलन की लहर बिहार भी पहुंच चुकी है जहां से किसी तरह के प्रदर्शन की बात अब तक सामने नहीं आ रही थी। पढ़ें दिनभर के अपडेट्स....
विज्ञापन
कृषि मंत्री ने किसानों संग खाया खाना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:46 PM, 30-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पहुंचे पंजाबी गायक जैजी बी

पंजाबी गायक जैजी बी ने आज देर शाम सिंघु बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मैं रोज प्रदर्शन के वीडियो देखता था। किसान जो सभी का पेट भरते हैं, उनके लिए हम यहां आए हैं। मेरी सरकार से विनती है कि तीनों कृषि कानून वापिस लिए जाएं।

09:00 PM, 30-Dec-2020

बैठक के बाद बोले क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष

क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने कहा कि तीनों कानूनों के वापस लिए जाने को लेकर अब भी संदेहास्पद स्थिति है। इसके साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य के मुद्दे पर सरकार के साथ आम सहमति नहीं बना सके। पराली जलाने के मुद्दे पर सरकार किसानों को जुर्माने से बाहर करने पर सहमत हो गई।

08:40 PM, 30-Dec-2020

बॉर्डर पर मनाई जन्मदिन

दिल्ली यूपी को जोड़ने वाले गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे एक किसान की बेटी ने प्रदर्शन स्थल पर ही अपना जन्मदिन मनाया। 
 

विज्ञापन
07:49 PM, 30-Dec-2020

बुजुर्ग किसानों से घर वापस जाने का आग्रह

बैठक के बाद कृषि मंत्री ने बताया कि हमने यूनियन के नेताओं से आग्रह किया है कि बढ़ती ठंड को देखते हुए वे प्रदर्शन में बैठे बुजुर्ग किसानों से घर लौटने की अपील करें। महिलाओं और बच्चों को भी इस मौसम में परेशानी हो रही है। ऐसे में उनका भी घर लौट जाना सही होगा।
 

07:34 PM, 30-Dec-2020

इन दो कानूनों पर बनी सहमती

इस बार सरकार ने यह साफ कर दिया है कि पराली के कानून से किसानों को अलग रखा जाएगा। इसके साथ ही आने वाले बिजली बिल के कानून को लेकर भी सरकार ने स्पष्ट किया कि उसमें किसानों की मांगों को ध्यान में रखा जाएगा। 

विज्ञापन
07:32 PM, 30-Dec-2020

दो मांगों पर बनी सरकार और किसानों की सहमती

किसान आंदोलन के मुख्यत: चार मुद्दे हैं, जिनमें से दो पर आज की बैठक में सरकार और किसानों की सहमती बन गई है। सरकार ने किसानों के दो मुद्दों को मान लिया है। इनमें से एक पराली और दूसरी बिजली बिल का मुद्दा है।

07:29 PM, 30-Dec-2020

किसानों के अनुशासन की हुई तारीफ

कृषि मंत्री ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि किसान यूनियन के नेताओं ने आंदोलन  में पर्याप्त अनुशासन बनाए रखने का प्रयत्न किया है। मुझे विश्वास है कि वे आगे भी ऐसा करेंगे।

07:25 PM, 30-Dec-2020

हम चार जनवरी को अपनी चर्चा को आगे बढ़ाएंगे: तोमर

तोमर ने कहा कि हम चार जनवरी को दोपहर दो बजे एक बार फिर इकट्ठा होंगे और एमएसपी पर चर्चा को आगे बढ़ाएंगे। 

07:21 PM, 30-Dec-2020

एमएसपी पर चर्चा जारी है: तोमर

इस बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हम पहले भी कहते रहे हैं कि एमएसपी जारी है, जारी रहेगी। सर यह लिखित में भी देने को तैयार है। लेकिन किसानों को लगता है कि एमएसपी को कानूनी दर्जा मिलना चाहिए। इसपर अभी पूरी चर्चा बाकी है।

07:14 PM, 30-Dec-2020

किसानों और सरकार की बातचीत खत्म

किसानों और सरकार के बीच सातवें दौर की बातचीत खत्म हो गई है। अगली बैठक चार जनवरी को निर्धारित की गई है।

06:21 PM, 30-Dec-2020

अब भी नहीं निकला कोई नतीजा

किसान नेताओं और सरकार की कई घंटों की बैठक के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला है। सरकार ने कहा है कि कानून बनाने और खत्म करने की लंबी प्रक्रिया है, मांगों पर चर्चा के लिए समिति बनाने की पेशकश की गई है।

05:41 PM, 30-Dec-2020

हम पीएम का सिर नीचे नहीं करना चाहते बशर्ते वह भी किसानों का सम्मान बनाए रखेंः नरेश टिकैत

आंदोलन के 35वें दिन हुई महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि आंदोलन का निष्कर्ष निकलना चाहिए नहीं तो किसान बिरादरी बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी किसान संगठन हल नहीं निकलने तक आंदोलन पर डटे रहें। वार्ता में राजनाथ सिंह, लालकृष्ण आडवाणी जैसे बुजुर्ग नेताओं को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार दो कदम पीछे हटे तो किसान ढाई कदम पीछे हटने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री का सर नीचे नहीं करना चाहते बशर्ते की वह भी किसान का सम्मान बनाए रखें और किसानों की सभी मांगों को मानें।

 

05:37 PM, 30-Dec-2020

सरकार ने किसानों को दिया कमेटी बनाने का प्रस्ताव

बातचीत के दौरान सरकार ने किसान नेताओं से कहा है कि किसानों द्वारा कृषि कानून को लेकर उठाई जा रही मांगों पर विचार के लिए एक कमेटी बनाई जा सकती है।
 

 

05:02 PM, 30-Dec-2020

यूपी गेट पर हो रही महापंचायत

यूपी गेट पर किसानों की तीसरी महापंचायत हो रही है। एक ओर जहां विज्ञान भवन में किसान सरकार से बात कर रहे हैं वहीं महापंचायत में भी किसान उन्हीं मांगो को लेकर पंचायत कर रहे हैं। इसमें भाकियू नेता नरेश टिकैत भी किसानों को संबोधित करेंगे।

04:54 PM, 30-Dec-2020

आज भी विज्ञान भवन में दिखी किसानों की कार सेवा टेंपो

किसान नेताओं के लिए बैठक के दौरान आज भी कार सेवा टेंपो खाना लेकर आई। पिछली बैठकों की तरह किसानों ने आज भी अपना ही खाना खाया। 
 

04:27 PM, 30-Dec-2020

किसानों के साथ खाया केंद्रीय मंत्रियों ने खाना

आज की वार्ता के बीच जब भोजनावकाश हुआ तो केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गोयल ने किसानों के साथ खाना खाया।
 

04:19 PM, 30-Dec-2020

किसानों ने सरकार से की आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के लिए न्याय और मुआवजे की मांग

किसान नेताओं ने आज वार्ता में आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसान और उसके परिवार के लिए न्याय और मुआवजे की भी मांग की है। 
 

03:32 PM, 30-Dec-2020

अपनी मांगो पर अड़े हैं किसान

किसान नेताओं और सरकार के बीच बैठक जारी है। खबर है कि किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं कि सरकार तीनों कृषि कानून को रद्द करने की प्रक्रिया के बारे में बताए।
 

02:54 PM, 30-Dec-2020

राघव चड्ढा पहुंचे सिंघु बॉर्डर

एक ओर जहां विज्ञान भवन में किसान नेताओं और सरकार के बीच बैठक जारी है, वहीं आप विधायक राघव चड्ढा सिंघु बॉर्डर पहुंचे हैं। उन्होंने वहां पहुंच पत्रकारों से कहा, सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों के लिए हमने लंगर से लेकर कंबल की सेवा मुहैया कराई है। आज हम यहां फ्री वाई-फाई स्थापित हुआ है कि नहीं ये देखने आए हैं क्योंकि यहां के किसानों ने सिगनल की कमी की शिकायत की थी।
 

02:26 PM, 30-Dec-2020

सातवें दौर की बैठक शुरू

किसान नेेताओं और सरकार के बीच सातवें दौर की बैठक शुरू हो गई  है। जिसमें एक-एक कर किसान अपनी मांग दोबारा रख रहे हैं।

02:20 PM, 30-Dec-2020

कृषि मंत्री भी पहुंचे विज्ञान भवन

सातवें दौर की बैठक के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर, कृषि सचिव, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल आदि पहुंच चुके हैं। 
 

02:05 PM, 30-Dec-2020

कृषि मंत्री विज्ञान भवन रवाना

किसानों के साथ बातचीत करने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर अपने आवास से विज्ञान भवन के लिए रवाना हुए।
 

01:50 PM, 30-Dec-2020

नोएडाः बिजली घर पर ताला लगाने की सूचना पर पहुंचे एसएचओ

नोएडा सेक्टर-16 में किसानों द्वारा बिजली घर को ताला लगाने की चेतावनी की सूचना मिलते ही मौके पर सेक्टर-20 थाना के एसएचओ पहुंचे हैं।

01:42 PM, 30-Dec-2020

किसान संगठन लोकशक्ति ने नोएडा के बिजली घर पर पहुंचकर धरना शुरू किया

किसान संंगठन लोकशक्ति से जुड़े किसान किसानों ने नोएडा सेक्टर-16 बिजली घर पहुंचकर धरना देना शुरू किया है। किसानों ने अधिकारियों को आधे घंटे का समय दिया है कि अगर बात नहीं सुनी तो बिजली घर पर ताला लगा देंगे।

01:10 PM, 30-Dec-2020

किसान नेताओं की बस विज्ञान भवन पहुंची

सिंघु बॉर्डर से सातवें दौर की वार्ता के लिए किसान नेताओं की बस दिल्ली के विज्ञान भवन पहुंच चुकी है। वार्ता दोपहर दो बजे से है लेकिन वो उससे पहले ही वहां पहुंच गए हैं। इस बीच किसानों का कहना है कि वो कानून वापिस लेने पर ही अडिग रहेंगे। हालांकि इस बीच कुछ लोगों को समाधान निकलने की उम्मीद भी है। 

12:58 PM, 30-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर पर 11 किसान भूख हड़ताल पर

आज चिल्ला बॉर्डर पर 30 दिसंबर 2020 को भारतीय किसान यूनियन (भानु )के यह 11 लोग भूख हड़ताल पर है-
1- योगेश सिंह सिसोदिया
2-अरूण शर्मा
3- अशोक चौहान
4 - साकिर पठान
5- चौधरी धर्मवीर सिंह
6- देवेंद्र पहलवान 
7-रामेश्वर चौधरी
8- राजकुमार
9- किसन नम्बर दार
10- मास्टर महकार
11- कुन्त भेज

12:46 PM, 30-Dec-2020

इस साल फैसला हो जाए तो अच्छा हैः किसान

बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में प्रदर्शन कर रहे फरीदकोट (पंजाब) के जिला प्रधान बिंदर सिंह गोले वाला ने कहा कि आज दो बजे बैठक होंगी। इस बैठक से हमें तो ज्यादा उम्मीद नहीं है लेकिन इस साल इस कानून पर फैसला हो जाए तो ये हमारे और सरकार के लिए अच्छा होगा। जब कानून रद्द होगा हम तभी यहां से जाएंगे वरना नए साल पर भी यही रहेंगे।

12:18 PM, 30-Dec-2020

जियो ने लिखा पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र

रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने पंजाब के सीएम और पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पंजाब में जियो नेटवर्क साइटों पर तोड़फोड़ और बर्बरता की घटनाओं में उनके हस्तक्षेप की मांग की है।
 

 

12:08 PM, 30-Dec-2020

किसान वार्ता से पहले अमित शाह से मिले तोमर और गोयल

किसानों  के साथ विज्ञान भवन में होने वाली वार्ता से पहले केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पियुष गोयल ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

12:04 PM, 30-Dec-2020

किसान विज्ञान भवन के लिए निकले

सिंघु बॉर्डर से सातवें दौर की वार्ता के लिए किसान नेता दिल्ली के विज्ञान भवन के लिए बस में बैठकर रवाना हो गए हैं।
 

11:42 AM, 30-Dec-2020

प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए इंतजाम नाकाफी, गंदगी और संक्रमण का खतरा बरकरार

कड़ाके की ठंड में कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को संक्रमण से बचाने के लिए दिल्ली की सीमाओं जैसे सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। यहां न तो प्रदर्शनकारियों को गंदगी से निजात मिल रही है और न ही कोरोना से बचाव के लिए एहतियात बरते जा रहे हैं।

11:09 AM, 30-Dec-2020

मुझे उम्मीद है आज किसानों का आंदोलन खत्म हो जाएगाः सोम प्रकाश

केंद्रीय राज्य मंत्री वाणिज्य एवं उद्योग सोम प्रकाश ने उम्मीद जताई है कि आज की वार्ता निर्णायक होगी। एमएसपी समेत सभी मुद्दों पर खुले दिल से बात होगी। मुझे उम्मीद है कि किसानों का आंदोलन आज खत्म हो जाएगा।
 

10:31 AM, 30-Dec-2020

विपक्ष को टेंट में बैठकर करना चाहिए प्रदर्शनः राकेश टिकैत

राकेश टिकैत ने आज ये भी कहा कि देश में मजबूत विपक्ष का होना बहुत जरूरी है जिससे सरकार डरे लेकिन यहां पर ऐसा नहीं है। यही कारण है कि किसानों को सड़क पर उतरना पड़ा है। विपक्ष को टेंटों में बैठकर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए।
 

10:22 AM, 30-Dec-2020

मुझे नहीं लगता आज भी बैठक से निकलेगा कोई हलः सुखविंदर सिंह सबरा

किसान मजदूर संघर्ष समिति के संयुक्त सचिव सुखविंदर सिंह सबरा ने कहा कि सरकार और किसानों के बीच पांच दौर की वार्ता विफल हो चुकी है। मुझे नहीं लगता कि हमारी आज की बैठक में भी कोई हल निकलेगा। तीनों कृषि कानूनों को खत्म किया जाना चाहिए।
 

10:09 AM, 30-Dec-2020

बिना कानून वापस लिए नहीं बनेगी बातः राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बुधवार को सरकार के साथ होने वाली बैठक से पहले कहा कि, सरकार कानून वापस नहीं लेगी तो प्रदर्शन खत्म नहीं होगा। सरकार को कानून वापस लेना ही पड़ेगा। संशोधन पर बात नहीं बनेगी।
 

09:29 AM, 30-Dec-2020

किसानों के हितों को ध्यान में रखकर बनाए हैं कानूनः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए अपने इंटरव्यू में कृषि कानूनों को लेकर कहा कि, कृषि संबंधी ये जो तीन कानून बने हैं ये किसानों के हितों को ध्यान में रखकर ही बनाए गए हैं। पिछले सरकारों की तुलना में हमने न्यूनतम समर्थन मूल्य काफी बढ़ाई हैं। इस तीनों कानूनों के माध्यम से हमने पूरी कोशिश की है कि किसानों की आमदनी दो-तीन गुना बढ़े।
 

09:17 AM, 30-Dec-2020

सिंघुु और औचंदी बॉर्डर समेत ये रास्ते रहेंगे बंद

किसान आंदोलन के चलते आज सिंघु, औचंदी, पियाऊ मनियारी, सबोली और मंगेश बॉर्डर बंद रहेंगे। इसलिए साफियाबाद, पल्ला और सिंघु टोल टैक्स बॉर्डर वाले वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। मुकरबा और जीटी करनाल रोड पर रूट डायवर्ट किया गया है इसलिए रिंग रोड, जीटी करनाल रोड और एनएच 44 से न जाने की सलाह है। 

09:15 AM, 30-Dec-2020

अगर सरकार संग बैठक में नहीं हुआ कोई निर्णय तो महापंचायत लेगी फैसला

भाकियू के मीडिया कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा दूर-दराज के किसान आएंगे। इसी बीच दिल्ली में सरकार से तीनों कानूनों को वापस लेने और एमएसपी पर गारंटी देने के मुद्दे पर वार्ता होगी। यदि सरकार से सातवें दौर की वार्ता में भी कोई निष्कर्ष नहीं निकलता है तो फिर महापंचायत कोई निर्णय ले सकती है। उन्होंने संभावना जताई कि इस महापंचायत में खाप चौधरी भी शिरकत कर सकते हैं। यूपी गेट पर आंदोलन स्थल पर महापंचायत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी सुबह के समय किसानों से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। महापंचायत की किस तरह रणनीति होगी, इसको भी भाकियू के पदाधिकारियों ने तैयार कर लिया है।

09:13 AM, 30-Dec-2020

इन मुद्दों पर हो रहा है यूपी गेट पर आंदोलन

यूपी गेट पर पिछले 34 दिनों से किसान कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी पर गारंटी व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की मांग को लेकर डटे हुए हैं। यूपी गेट पर किसानों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। तीन दिसंबर को भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के नेतृत्व में महापंचायत ने सरकार को जल्द निर्णय लेने की चेतावनी दी थी। इसके बाद 17 दिसंबर को लाठियान खाप के चौ. वीरेंद्र सिंह ने देरी करने पर सभी खापों की तरफ से सरकार को चेताया था। अब 30 दिसंबर को फिर से महापंचायत में चौधरी नरेश टिकैत शिरकत कर सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे।

09:11 AM, 30-Dec-2020

दिल्ली में वार्ता के बीच यूपी गेट पर होगी तीसरी महापंचायत

किसान आंदोलन के 35वें दिन बुधवार को यूपी गेट पर तीसरी बार भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के नेतृत्व में महापंचायत होगी। इसमें दस खाप चौधरियों के भी फिर से शामिल होने की संभावना है। महापंचायत में उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों के हजारों किसान शामिल होंगे। भाकियू के इस एलान से साफ है कि यदि दिल्ली में सरकार के साथ वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकलता है तो महापंचायत में नरेश टिकैत और अन्य चौधरी कोई बड़ा निर्णय ले सकते हैं। उधर, आंदोलनस्थल पर 11 नए किसानों की भूख हड़ताल सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है।

08:49 AM, 30-Dec-2020

सरकार कानून में संशोधन के लिए तैयार: छठे दौर की बैठक खत्म, अगली मुलाकात चार जनवरी को

शीतलहर और गिरता पारा नहीं तोड़ पा रहा किसानों का हौसला
दिल्ली की सीमाओं पर बैठे किसानों का आंदोलन आज 35वें दिन में प्रवेश कर चुका है। शीतलहर और घटता तापमान भी उनका हौसला नहीं तोड़ सका है। सिंघु, टिकरी, गाजीपुर, चिल्ला बॉर्डर और बुराड़ी निरंकारी ग्राउंड समेत जहां भी किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, वहां उनके समर्थकों व अन्य किसानों की तादाद दिनोंदिन बढ़ती जा रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें