फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के मंत्री बोले- आम किसान खेतों में गेहूं की बुआई कर रहा, उसे आंदोलन से कोई मतलब नहीं

Fri, 11 Dec 2020 07:38 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों का आंदोलन आज 16वें दिन भी जारी है। सरकार से अब तक की हुई बातचीत और मिले प्रस्तावों को संयुक्त किसान मोर्चा ने खारिज कर दिया है। फिलहाल बात बनती नहीं दिख रही है। सरकार और किसान मोर्चा ने एक-दूसरे के पाले में गेंद डाल दी है। 12 और 14 दिसंबर के आंदोलन की घोषणा के बाद आगे इसके विस्तार के संकेत हैं। यहां पढ़ें किसानों के आंदोलन से जुड़ा पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
नोएडा में किसानों का प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:22 PM, 11-Dec-2020

आम किसान अपने खेतों में गेहूं की बुआई कर रहा है, उसे इससे कोई मतलब नहीं हैः जय प्रताप सिंह

पंजाब को छोड़कर अधिकांश प्रदेशों में कहीं भी किसी किसान संगठन ने इसका समर्थन नहीं किया है। आम किसान जो अपने खेतों में गेहूं की बुआई कर रहा है उसे इससे कोई मतलब नहीं है। वो स्वयं समझता है कि इन कानूनों के चलते वह कहीं भी जाकर अपने उत्पाद को बेच सकता है: यूपी मंत्री जय प्रताप सिंह
 

07:03 PM, 11-Dec-2020

किसानों का बार-बार ये धमकी देना कि हम पूरे देश में बंद का आयोजन करेंगे गलत हैः यूपी के मंत्री जय प्रताप सिंह

उत्तर प्रदेश के मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा है कि सरकार खुली बैठक के लिए भी तैयार है। इसके बावजूद बार-बार ये धमकी देना कि हम पूरे देश में बंद का आयोजन करेंगे, गलत है। जब सरकार संवाद कर रही है, ऐसे में इतना उत्तेजित होने की जरूरत नहीं है। ये पूरे देश में गलत संदेश भी दे रहा है।
 

06:42 PM, 11-Dec-2020

कृषि कानूनों की रुप रेखा स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार हैः गजेंद्र सिंह शेखावत

भाजपा नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कृषि कानूनों की रुपरेखा स्वामीनाथन समिति की सिफारिशों के अनुसार है। भविष्य में किसान/व्यापार के मद्देनजर संशोधन करने की अगर जरूरत पड़े तो सरकार के दरवाजे खुले हैं। मुझे लगता है जो लोग आंदोलन कर रह हैं, उन्हें भी ये बात समझ आने लगी है, जल्द समाधान निकलेगा। 
 

विज्ञापन
06:15 PM, 11-Dec-2020

अब ये सिर्फ किसान आंदोलन नहीं रहा जन आंदोलन बन गया हैः किसान नेता

किसान नेता ने कहा कि हमारा रेल रोकने का कोई प्रोग्राम नहीं है। लगातार किसानों की संख्या बढ़ रही है, अब ये सिर्फ किसान आंदोलन नहीं रहा जन आंदोलन बन गया है। 
 

06:00 PM, 11-Dec-2020

आरएलडी 14 दिसंबर को करेगी बुद्धि शुद्धि यज्ञ

राष्ट्रीय लोक दल पार्टी के महानगर अध्यक्ष गाजियाबाद, रविंद्र चौहान ने कहा कि 14 दिसंबर को जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में बुद्धि शुद्धि यज्ञ करने जा रही है। इस यज्ञ के दौरान किसान आहुति देंगे और ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार को सद्बुद्धि मिले। किसानों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन, जिसमें हजारों किसान अपनी खेती छोड़ कर दिल्ली की सड़कों पर बैठे हैं लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही। राष्ट्रीय लोक दल पार्टी आलाकमान के निर्देश पर जिला मुख्यालय पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ करेगी जिसके लिए संगठन के मुख्य पदाधिकारी जिलाधिकारी महोदय से मिलकर इस यज्ञ को करने की परमिशन लेंगे।

विज्ञापन
05:39 PM, 11-Dec-2020

बुजुर्ग किसान ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

गाजीपुर बॉर्डर पर शुक्रवार की सर्द शाम में कपड़े उतार कर विरोध जताता बुजुर्ग किसान।

05:35 PM, 11-Dec-2020

कल दोपहर 12 बजे से दो बजे तक टोल पर्चियां नहीं कटेंगीः राकेश टिकैत

किसान शनिवार को देशभर में 2 घंटे के लिए टोल फ्री करेंगे। दिन में 12:00 बजे से 2:00 के बीच टोल पर कोई पर्चियां नहीं कटेंगी, इसका फायदा आम लोगों को मिलेगा। इस बीच राकेश टिकैत ने हाईवे पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई अब किसान की पगड़ी और सम्मान की लड़ाई हो गई है। इस बार हम अपनी फसल को 10 रुपये कम पर बेच देंगे लेकिन लड़ाई जारी रखेंगे, आखिर खाली हाथ किस मुंह से गांव लौटेंगे। आज यूपी गेट पर आंदोलन के 15वें दिन भी यूपी गेट पर भारी संख्या में किसान डटे रहे और हाईवे पर दिल्ली जाने वाली लेन को बंद रखा।

05:13 PM, 11-Dec-2020

सिंघु बॉर्डरः

सिंघु बॉर्डर पर किसानों के धरनास्थल पर उत्तरी दिल्ली के एसडीएम ने कोविड की जांच के लिए मोबाइल वैन लगवाई है। जांचकर्ताओं का कहना है कि हमारा लक्ष्य रोजाना 200 टेस्ट करने का है, हमने अब तक 23 लोगों की जांच की है, सभी निगेटिव पाए गए हैं।
 

05:02 PM, 11-Dec-2020

आप 14 दिसंबर को करेगी पंजाब में जिला मुख्यालयों का घेराव

आम आदमी पार्टी ने किसानों के समर्थन में 14 दिसंबर को पूरे पंजाब में जिला मुख्यालयों का घेराव करने का आह्वान किया है।
 

03:58 PM, 11-Dec-2020

बीकेयू(भानु) की ओर से सुप्रीम कोर्ट में तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की डाली गई याचिका

भारतीय किसान यूनियन (भानु) की ओर से सुप्रीम कोर्ट में तीनों कानूनों को रद्द करने की मांग करते हुए याचिका डाली गई है। यूनियन ने तीनों कानून को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द करने की मांग की है।

03:51 PM, 11-Dec-2020

गाजीपुर बॉर्डर के धरनास्थल पर ईएनटी स्पेशलिस्ट बीपी त्यागी ने लगाया निशुल्क जांच कैंप। यहां पर जिन किसानों को समस्या थी उनका इलाज किया गया।

03:29 PM, 11-Dec-2020

मोदी सरकार को पहली बार कोई टक्कर दे रहा हैः किसान

सिंघु बॉर्डर के प्रदर्शनस्थल पर बैठे कई किसानों के बच्चे पुलिस में तो कई सीमा पर पहरा दे रहे हैं। किसान बोले, नोटबंदी से जीएसटी तक में मोदी सरकार को अभी तक कहीं से तगड़ा विरोध झेलने को नहीं मिला था। अब किसान पहली बार सरकार को टक्कर दे रहा है। हमें अपनी फिक्र नहीं है, कानून वापस होने पर ही लौटेंगे।

03:22 PM, 11-Dec-2020

दिल्लीः बदरपुर बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मेधा पाटकर के नेतृत्व में पलवल से आ रहे किसानों को देखते हुए दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर पर जबरदस्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

03:01 PM, 11-Dec-2020

नोएडाः किसानों ने निकाली कृषि कानूनों की अर्थी, कल 11 किसान कराएंगे मुंडन

नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल में कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज कृषि कानूनों की शव यात्रा निकाली। हालांकि उन्हें पुलिस ने धरनास्थल से बाहर नहीं निकलने दिया। तब किसानों ने दलित प्रेरणास्थल के अंदर की कृषि कानून का शव जलाया। इसके साथ ही किसानों ने कहा है कि कल 11 किसान कृषि कानून के विरोध  में मुंडन कराएंगे।

02:54 PM, 11-Dec-2020

आंदोलन छोड़कर करें बातचीतः तोमर

कृषि मंत्री तोमर ने एक बार फिर अपील की है कि किसान आंदोलन छोड़कर बातचीत करें। आंदोलन से जनता को भी परेशानी होती है इसलिए उन्हें जनता के हित में आंदोलन छोड़ना चाहिए और बातचीत से हल निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों ने अब तक आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाकर रखा है लेकिन अब उन्हें आंदोलन खत्म कर बातचीत से हल निकालने का प्रयास करना चाहिए।

02:53 PM, 11-Dec-2020

हम नहीं कहते कि हम सब सही सोचते हैं, यूनियन के दिमाग में भी कुछ होगाः कृषि मंत्री

सरकार ने जो कानून बनाया है वो बहुत सोच-विचार कर, किसानों की जिंदगी में बदलाव लाने के लिए और उनके साथ सालों से हो रहे अत्याचार को खत्म करने के लिए है। ये कानून इसलिए लाए गए हैं ताकि किसान एक बेहतर जिंदगी जी सकें और लाभकारी खेती करें। मैं मानता हूं कि हम सब कुछ सही नहीं सोच सकते, किसान यूनियन के दिमाग भी कुछ होगा। इसलिए सरकार बातचीत के बाद कानून में बदलाव के लिए तैयार है।

02:07 PM, 11-Dec-2020

आंदोलन से हो रही जनता को परेशानीः तोमर

तोमर ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हम कोई न कोई समाधान निकाल लेंगे। मैं आशावान हूं। मैं किसानों से अपील करता हूं कि वह मान जाएं। सरकार ने उन्हें प्रस्ताव भेजा है। अगर किसी प्रावधान को लेकर समस्या है तो उस पर बात की जा सकती है। अपने प्रस्ताव में हमने उनकी सभी आपत्तियों का समाधान देने की कोशिश की है। उन्हें आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।

02:03 PM, 11-Dec-2020

मैं आशावान हूं इस समस्या का हल निकलेगाः कृषि मंत्री

कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने आज एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किसानों से बातचीत करके मामले का समाधान करने के लिए कहा है। कृषि मंत्री तोमर ने कहा कि हमने किसानों से बातचीत के आधार पर उन्हें लिखित प्रस्ताव भेजा था लेकिन अभी तक हमें उनका जवाब नहीं मिला है। हमें मीडिया के माध्यम से पता चला कि उन्होंने प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया है। मैंने कल भी कहा था कि हम निश्चित तौर पर प्रस्ताव पर और बात कर सकते हैं। हमें अब भी उनकी तरफ से बातचीत के प्रस्ताव का इंतजार है। उनकी तरफ से प्रस्ताव आने के बाद हम जल्द से जल्द बात करने को तैयार हैं।

01:57 PM, 11-Dec-2020

राकेश टिकैत किसानों से कहा- असामाजिक तत्वों से रहें सावधान

यूपी गेट पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने संबोधित किया। उन्होंने किसानों से कहा कि यह आंदोलन लंबा चलने वाला है तो आप लोग तैयार रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि कृषि और ऋषि को छेड़े गए तो देश में हलचल होगी। उन्होंने आगे कहा कि सरकार तैयार हो जाती है तो समझौते के चार घंटे के बाद बॉर्डर खाली करेंगे। किसान 12 तारीख को सभी टोल फ्री करेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि यहां बैठकर भजन पाठ करें, लड़ाई लंबी है। किसानों को आगाह किया कि असामाजिक तत्वों पर नजर रखें। टिकैत ने बोला कि दिल्ली चारों तरफ मेला लगेगा। इसके बाद किसानों ने 'लड़ेंगे जीतेंगे' के नारे लगाए।

01:27 PM, 11-Dec-2020

यूपी गेटः किसानों को परोसा जा रहा पास्ता

यूपी गेट पर प्रदर्शन कर रहे किसानों पास्ता जैसा नाश्ता भी बांटा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों को किसी तरह से खाने-पीने की दिक्कत न हो इसका कई संगठन जिम्मा उठा रहे हैं।

01:23 PM, 11-Dec-2020

राकेश टिकैत ने किसानों को शांतिपूर्ण आंदोलन करने की दी सलाह

यूपी गेट पर किसान आंदोलन के 16वें दिन हाईवे पर किसानों ने पैदल मार्च किया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मोर्चा संभालते हुए किसानों को शांतिपूर्ण आंदोलन करने की सलाह दी।

   
  

01:10 PM, 11-Dec-2020

किसान दो बजे से करेंगे बैठक, बनाएंगे आगे की रणनीति

सिंघु बॉर्डर पर किसान दोपहर दो बजे से बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में किसान अपने आंदोलन को तेज करने के लिए आगे की रणनीति तैयार करेंगे। इसके साथ सरकार के सूत्रों से खबर आ रही है कि अब सरकार किसानों को कोई प्रस्ताव नहीं भेजेगी।

12:59 PM, 11-Dec-2020

यूपी गेट पर किसानों ने की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

यूपी गेट पर 15 दिन से चल रहा किसान आंदोलन शुक्रवार को भी जारी है। किसान दिल्ली एक्सप्रेसवे के दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर बैठे हुए हैं। सुबह किसान इकट्ठा होकर बॉर्डर पर पहुंचे और जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं नोएडा से आए कुछ लोग यूपी गेट पर बांस की झोपड़ियां बना रहे हैं।

12:46 PM, 11-Dec-2020

रामपुर: पूरी रात चला किसानों का धरना

दिल्ली जाने से रोके जाने से नाराज किसानों ने गुरुवार दोपहर से जो धरना शुरू किया था वह पूरी रात जारी रहा। किसान रात में हाईवे पर ही सोए।  शुक्रवार की सुबह धरना स्थल की सफाई की गई। किसान वहीं पर आग ताप रहे हैं और चाय पी रहे हैं। दोपहर में रणनीति तय की जाएगी।

12:05 PM, 11-Dec-2020

किसानों को एमएसपी दिलाने में असफल रहा तो इस्तीफा दे दूंगाः दुष्यंत चौटाला

किसानों की मांग को लेकर आज दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहले ही कहा है कि एमएसपी निश्चित तौर पर किसानों को मिलनी ही चाहिए। सरकार ने जो लिखित प्रस्ताव भेजा गया था उसमें भी एमएसपी का जिक्र है। मैं जब तक डिप्टी सीएम हूं तब तक किसानों को एमएसपी मिले ये सुनिश्चित करूंगा। जब मैं ये करने में असमर्थ हो जाऊंगा तो इस्तीफा दे दूंगा।

12:00 PM, 11-Dec-2020

अभिनेता धर्मेंद्र ने ट्वीट कर किसान भाइयों की तकलीफ पर जताया दुख

देशभर समेत दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को लेकर अभिनेता धर्मेंद्र ने कहा है कि वह किसान भाइयों ने तकलीफों को देखकर बेहद दर्द में हैं। सरकार को जल्द से जल्द कुछ करना चाहिए।
 

11:57 AM, 11-Dec-2020

सरकार चाहती है सभी किसानों की आय बिहार के किसान जितनी हो जाए: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ कई किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को दावा किया कि देश के कृषक पंजाब के किसानों के बराबर आय चाहते हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी आय बिहार के किसानों के बराबर करना चाहती है।

11:23 AM, 11-Dec-2020

भाजपा कृषि बिलों पर देशभर में करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

भारतीय जनता पार्टी आज से देशभर के सभी जिलों में प्रेसवार्ता और चौपाल का आयोजन कर लोगों को कृषि बिल के बारे में बताएगी। आने वाले दिनों में 700 प्रेस कॉन्फ्रेंस और 700 चौपालों का आयोजन भाजपा की ओर से किया जाएगा।
 

 

11:03 AM, 11-Dec-2020

सरकार किसान दोनों को पीछे हटना होगाः राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि सरकार और किसान दोनों को ही पीछे हटना होगा। सरकार कानून वापस ले और किसान अपने घर चला जाएगा।
 

10:01 AM, 11-Dec-2020

अमृतसर से दिल्ली के लिए निकलीं 700 ट्रैक्टर ट्रालियां

अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्यों ने दिल्ली की तरफ कूच कर दिया है, यहां वह कृषि बिलों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के साथ आंदोलन में शामिल होंगे। दिल्ली के कुंडली बॉर्डर की ओर 700 ट्रैक्टर ट्रालियां बढ़ रही हैं। ये जानकारी किसान मजदूर संघर्ष समिति के एसएस पंधेर ने दी है।
 

09:50 AM, 11-Dec-2020

अमृतसर की चैरिटी सेवा गाजीपुर बॉर्डर पर उपलब्ध करा रही खाना

अमृतसर की चैरिटी सेवा गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों को भोजन उपलब्ध कराती है। किसानों का कहना है कि यहां सुबह 5.00 से रात 9.00 बजे तक कितने लोग खाते हैं इसका कोई लेखा-जोखा नहीं है। जब तक सरकार हमारी बात नहीं सुनती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। 
 

09:17 AM, 11-Dec-2020

पीएम मोदी ने अपील में यह कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा हाल ही में किसान आंदोलन के मामले में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र किया और लोगों से उन्हें सुनने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ‘मंत्रिमंडल के मेरे दो सहयोगी नरेंद्र सिंह तोमर जी और पीयूष गोयल जी ने नए कृषि कानूनों और किसानों की मांगों को लेकर विस्तार से बात की है। इसे जरूर सुनें।’

09:12 AM, 11-Dec-2020

किसान संगठन पहुंचे सुप्रीम कोर्ट

भारतीय किसान यूनियन ने कृषि कानूनों के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका में तीनों कृषि कानूनों को चुनौती दी गई है। इससे पहले गुरुवार को किसान संगठनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया कि वो कानून वापस होने तक आंदोलन खत्म नहीं करेंगे और अपनी लड़ाई तेज करेंगे। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों से अपना आंदोलन खत्म करने और संशोधन प्रस्ताव पर बात करने की मांग की है। 
 

08:59 AM, 11-Dec-2020

पंजाब में किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी ने कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए कुंडली बॉर्डर के लिए अपना दूसरा जत्था रवाना करने से पहले अमृतसर के गोल्डन टेंपल में पूजा की। 
 

08:55 AM, 11-Dec-2020

किसानों के प्रदर्शन ने 16वें दिन में प्रवेश किया

टिकरी बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन 16 वें दिन प्रवेश कर गया। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को कहा था कि सरकार किसानों के साथ आगे की बातचीत के लिए तैयार है। उन्हें अपना आंदोलन समाप्त करना चाहिए।

08:35 AM, 11-Dec-2020

यूपी के मंत्री बोले- आम किसान खेतों में गेहूं की बुआई कर रहा, उसे आंदोलन से कोई मतलब नहीं

देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों का आंदोलन आज 16वें दिन भी जारी है। सरकार से अब तक की हुई बातचीत और मिले प्रस्तावों को संयुक्त किसान मोर्चा ने खारिज कर दिया है। फिलहाल बात बनती नहीं दिख रही है। सरकार और किसान मोर्चा ने एक-दूसरे के पाले में गेंद डाल दी है। 12 और 14 दिसंबर के आंदोलन की घोषणा के बाद आगे इसके विस्तार के संकेत हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें