फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farmers Protest Live Updates: गतिरोध के बीच गृह मंत्री के घर पहुंचे कृषि मंत्री, विपक्षी दल एक सुर में बोले- विधेयक वापस हों

Wed, 09 Dec 2020 07:34 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

गृह मंत्री अमित शाह और कुछ किसान नेताओं के बीच मंगलवार की रात हुई बैठक विफल रहने के बाद सरकार और किसान यूनियनों के बीच आज होने वाली बैठक अब नहीं होगी। सरकार ने किसानों को कृषि कानून में संशोधन का लिखित प्रस्ताव भेजा है। जिस पर किसान नेता सिंघु बॉर्डर पर बैठक की। किसानों ने सरकार के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है और कृषि कानूनों की वापसी की मांग की है। किसान नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से जानकारी दी। यहां पढ़ें किसान आंदोलन से जुड़ा पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
विपक्ष के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा - फोटो : ani
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:33 PM, 09-Dec-2020

राजनीतिक पार्टियों के दोगलेपन के कारण किसान किसी पर भरोसा नहीं कर पा रहेः SAD नेता दलजीत सिंह चीमा

राहुल गांधी की राष्ट्रपति से मुलाकात पर SAD नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि अगर राज्यसभा और लोकसभा में वो अपनी जिम्मेदारी निभाते तो ये मुसीबत खड़ी नहीं होती। तब वो चुप थे क्योंकि 2019 में उनके मैनिफेस्टों में APMC वापिस लेने की बात थी। पार्टियों के इसी दोगलेपन के कारण किसान किसी पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। 

06:56 PM, 09-Dec-2020

बातचीत का माहौल तब बन पाएगा जब सरकार तीनों कानून रोक देती है: दलजीत सिंह चीमा

बड़ी निराशाजनक बात है कि इतने दिनों के बाद भी ये मसला हल नहीं हो पाया। बातचीत का माहौल तब बन पाएगा जब भारत सरकार तीनों कानून रोक देती है। उसी वक्त शांति हो जाएगी। फिर जब सार्थक माहौल होगा तब सरकार आराम से बैठकें कर बातचीत कर सकती है: SAD नेता दलजीत सिंह चीमा

06:19 PM, 09-Dec-2020

हमने राष्ट्रपति से मुलाकात की और ज्ञापन प्रस्तुत किया: सीताराम येचुरी

हमने राष्ट्रपति से मुलाकात की और ज्ञापन प्रस्तुत किया। उसमें हमने कृषि कानूनों और बिजली संशोधन बिल को वापिस लेने की मांग की क्योंकि ये बहुत ही गैर-लोकतांत्रिक और बिना विचार-विमर्श के पारित कर दिए गए थे: सीताराम येचुरी, सीपीआई-एम

विज्ञापन
06:18 PM, 09-Dec-2020

गाजीपुर बॉडर पर खुर्जा से आए दो बुजुर्ग किसान भूख हड़ताल पर बैठे

दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर खुर्जा से आए दो बुजुर्ग किसान सुदेश कुमार के साथ भूदेव शर्म भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। एक किसान ने जल भी त्याग दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं मानी तो दे देंगे जान। दोनों मुंह पर पट्टी बांधकर भूख हड़ताल कर रहे हैं। 

06:14 PM, 09-Dec-2020

सरकार को गलतफहमी में नहीं होना चाहिए किसान समझौता नहीं करेगाः राहुल गांधी

सरकार को गलतफहमी में नहीं होना चाहिए किसान समझौता नहीं करेगा। मैं किसानों से कह रहा हूं कि अगर आप आज नहीं खड़े हुए तो फिर आप कभी नहीं खड़े हो पाओगे और हम सब आपके साथ हैं आप बिलकुल घबराइए मत। आपको कोई पीछे नहीं हिला सकता आप हिदुस्तान हो: कांग्रेस नेता राहुल गांधी

विज्ञापन
06:10 PM, 09-Dec-2020

पीएम ने कहा था कि ये कानून किसानों के हित में हैं, तो फिर किसान सड़क पर क्यों खड़े हैंः राहुल गांधी

कृषि कानून किसान विरोधी है। पीएम ने कहा था कि ये कानून किसानों के हित में हैं, तो फिर किसान सड़क पर क्यों खड़े हैं? सरकार को ये नहीं सोचना चाहिए कि किसान डर जाएंगे और हट जाएंगे। जब तक कानून वापिस नहीं हो जाते तब तक किसान न हटेगा न डरेगा: राहुल गांधी, कांग्रेस

06:08 PM, 09-Dec-2020

मैं किसानों के मुद्दों के प्रति सरकारी रवैये से दुखी होकर इस्तीफा दे रहा हूंः कंज्यूमर कमीशन के सदस्य बलदेव सिंह भुल्लर

मैं किसानों के मुद्दों के प्रति सरकारी रवैये से दुखी होकर इस्तीफा दे रहा हूं और मुझे मिले सारे अवार्ड वापिस कर रहा हूं। नवंबर की अपनी सारी तन्ख्वाह किसानों के लिए दान कर रहा हूं: फिरोजपुर कंज्यूमर कमीशन के सदस्य बलदेव सिंह भुल्लर


 

05:49 PM, 09-Dec-2020

सभी विपक्षी पार्टियों ने सरकार से अनुरोध किया था कि कृषि बिलों में गहराई से बहस हो

राष्ट्रपति भवन पहुंचने वालों में एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार भी रहे। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियों ने सरकार से अनुरोध किया था कि कृषि बिलों में गहराई से बहस हो और इसे सेलेक्ट कमेटी को भेजा जाए लेकिन दुर्भाग्यवश इसे जल्दबाजी में पास कर दिया गया। इस ठंड में किसान सड़कों पर बैठकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए नाखुशी जाहिर कर रहे हैं। यह सरकार का दायित्व है कि उनके मुद्दों को सुलझाएं।
 

05:46 PM, 09-Dec-2020

राहुल गांधी ने भी की कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग

वहीं राष्ट्रपति से मिलने के लिए पहुंचे राहुल गांधी ने भी कहा कि हमने राष्ट्रपति से कहा है कि इन किसान विरोधी कानूनों को वापस लिया जाए।
 

05:32 PM, 09-Dec-2020

राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद विपक्षी दलों ने कहा- वापस लिए जाएं कृषि बिल

विपक्षी दलों के नेताओं ने आज राष्ट्रपति से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। सीपीआई-एम के नेता सीताराम येचुरी ने बताया कि हमनें राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है। हमने उनसे अपील की है कि कृषि कानूनों और बिजली संशोधन विधेयक जिन्हें गैर लोकतांत्रिक तरीके से पास किया गया था उन्हें वापस लिया जाएं।
 

 

05:23 PM, 09-Dec-2020

गृहमंत्री के घर पहुंचे कृषि मंत्री तोमर

कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर गृहमंत्री अमित शाह के निवास पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार किसान आंदोलन को लेकर चर्चा के लिए कृषि मंत्री गृहमंत्री से मिलने गए हैं।
 

05:08 PM, 09-Dec-2020

किसान नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा कि हमने सरकार का प्रस्ताव ठुकरा दिया है

किसान नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हमने सरकार के सभी प्रस्ताव ठुकरा दिया है। क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष दर्शन पाल ने कहा कि, जो सरकार की तरफ से प्रस्ताव आया है उसे हम पूरी तरह से रद्द करते हैं। इसके अलावा अन्य नेताओं ने भी प्रेस को संबोधित किया जिसकी प्रमुख बातें निम्न हैं-

  • जियो के सभी प्रोडक्ट का बहिष्कार करेंगे
  • 14 दिसंबर को पूरे देश में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
  • पूरे देश में जारी रहेगा आंदोलन
  • 13 तारीख को पूरे देश में धरना प्रदर्शन करेंगे
  • 12 तारीख को पूरे देश में टोल प्लाजा फ्री करेंगे
  • 12 तारीख तक कभी भी दिल्ली-जयपुर और दिल्ली-आगरा हाईवे बंद किया जाएगा
  • 14 दिसंबर के बाद से अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी रहेगा, जब तक तीनों कानून वापस नहीं लिए जाते। 
  • बीजेपी के मंत्रियों का घेराव होगा।
  • एक के बाद एक दिल्ली की सड़कें जाम की जाएंगी। 

04:37 PM, 09-Dec-2020

राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे विपक्षी नेता

कृषि कानूनों को लेकर विपक्षी नेता राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचे हैं।
 

04:23 PM, 09-Dec-2020

किसानों ने नामंजूर किया सरकार का प्रस्ताव

सिंघु बॉर्डर पर चल रही किसानों की बैठक से यह जानकारी मिल रही है कि सभी नेताओं ने एक स्वर में सरकार के प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया है और कृषि कानून की वापसी और बिजली से जुड़े कानून न लाने की मांग की है। इस संबंध में किसान कुछ देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी देंगे।

04:19 PM, 09-Dec-2020

अनुबंधों का भी होगा रजिस्ट्रेशन

किसानों मुद्दा उठाया था कि कृषि अनुबंधों के पंजीकरण की व्यवस्था नए कानून में नहीं है। केंद्र ने प्रस्ताव दिया है कि जब तक राज्य सरकारें रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था नहीं करतींं तब तक एसडीएम को लिखित हस्ताक्षरित करार की प्रतिलिपि 30 दिन के भीतर संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

04:16 PM, 09-Dec-2020

निजी मंडियों के रजिस्ट्रेशन की होगी व्यवस्था

निजी मंडियों के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था संशोधन के जरिए रखने का प्रस्ताव दिया गया है। किसानों को आपत्ति थी कि नए कानून से स्थापित मंडियां कमजोर होंगी और किसान निजी मंडियों के चंगुल में फंस जाएंगे।

04:13 PM, 09-Dec-2020

व्यापारियों को कराना होगा पंजीकरण

सरकार ने आश्वासन दिया है कि वह राज्य सरकारों को अधिकार देगी ताकि किसानों के हित में फैसला लिया जा सके और व्यापारियों पंजीकरण कराना ही होगा।

04:04 PM, 09-Dec-2020

किसान भूमि की कुर्की नहीं हो सकेगी

किसानों का मुद्दा था कि उसकी भूमि की कुर्की हो सकेगी लेकिन सरकार का कहना है कि किसान की भूमि की कुर्की नहीं की जा सकती।

03:51 PM, 09-Dec-2020

किसान की जमीन नहीं कब्जा सकेंगे उद्योगपति

किसानों डर है कि उनकी भूमि उद्योगपति कब्जा कर लेंगे, जिसका समाधान सरकार ने प्रस्ताव में दिया है।

03:48 PM, 09-Dec-2020

विवाद के समय अदालत जाने का मिलेगा अवसर

किसानों की मांग थी कि कृषि कानूनों में किसानों को विवाद के समय कोर्ट जाने का अधिकार नहीं दिया गया है, जो दिया जाना चाहिए। सरकार इस पर राजी हो गई है।

03:47 PM, 09-Dec-2020

कृषि कानून खत्म करने की मांग पर सरकार ने भेजा ये प्रस्ताव

पढ़ें क्या कहती है सरकार कानून खत्म करने को लेकर।

03:38 PM, 09-Dec-2020

सरकार बिजली संशोधन बिल नहीं लाएगी

सरकार ने प्रस्ताव में कहा है कि वह बिजली संशोधन बिल 2020 नहीं लाएगी। यह किसानों प्रमुख मांगों में से एक है।

03:29 PM, 09-Dec-2020

एमएसपी पर कानून नहीं सिर्फ लिखित शिकायत

सरकार ने किसानों के सबसे बड़े मुद्दे एमएसपी पर कानून लाने की जगह उस पर लिखित में आश्वासन देने की बात कही है।

03:10 PM, 09-Dec-2020

19 पन्नों का है प्रस्ताव

किसानों ने बताया है कि उनके पास केंद्र सरकार ने 19 पन्नों का लिखित प्रस्ताव भेजा है जिसमें किसानों की मांग के आधार पर सरकार ने समाधान का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव के मिलने के बाद किसानों की बैठक लगातार जारी है। हालांकि इस बीच किसान नेता कह रहे हैं कि ये वही प्रस्ताव हैं जो पांचवीं दौर की वार्ता के दौरान भी सरकार ने रखा था।

02:37 PM, 09-Dec-2020

किसानों ने दिखाया सरकार का लिखित प्रस्ताव

किसानों ने सरकार का लिखित प्रस्ताव मीडिया के सामने दिखाया है। पूरा प्रस्ताव हिंदी में लिखा है।
 

02:11 PM, 09-Dec-2020

हाथरसः सपाइयों को पुलिस ने रैली निकालने नहीं दी

कृषि कानूनों के विरोध में रैली निकालने जा रहे सपाइयों को पुलिस ने रोक लिया l सपा के एमएलसी जसवंत सिंह यादव और पूर्व जिला अध्यक्ष ओमवती यादव जब अपने समर्थकों के साथ अपने गांव रतीभानपुर पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करने जा रहे थे, तो सिकंदराराऊ पुलिस ने इन्हें गांव से बाहर नहीं जाने दियाl

01:59 PM, 09-Dec-2020

किसान आज करेंगे नुक्कड़ नाटक 'कृषि बिल पर किसान और सरकार की रस्साकशी'

चिल्ला बॉर्डर पर किसान आज दोपहर में नुक्कड़ नाटक करेंगे। इस नाटक का नाम है 'कृषि बिल पर किसान और सरकार की रस्साकशी'। कल यहीं किसानों ने भजन कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया था।

01:36 PM, 09-Dec-2020

किसान वापस नहीं जाएंगे, ये उनके सम्मान की बात हैः राकेश टिकैत

राकेश टिकैत ने सरकार के लिखित प्रस्ताव मिलने की बात पूछे जाने पर कहा है कि हमारी बैठक में हम अपनी रणनीति तय करेंगे और सरकार के प्रस्ताव पर भी विमर्श करेंगे। किसान वापस नहीं जाएंगे, ये उनके सम्मान की बात है। क्या सरकार कानून वापस नहीं लेगी? क्या ये अत्याचार होता रहेगा? अगर सरकार जिद्दी है तो किसान भी हैं। ये कानून वापस लेना ही पड़ेगा।
 

01:01 PM, 09-Dec-2020

सरकार ने किसानों को भेजा लिखित प्रस्तावः सूत्र

सूत्रों के हवाले से खबर है कि सरकार ने किसानों को कृषि बिलों में संशोधन का लिखित प्रस्ताव भेज दिया है। सरकार अब किसानों की कई मांग मानने को तैयार है। सूत्रों का कहना है कि सरकार अलग से एमएसपी कानून ला सकती है। इसके साथ ही एपीएमसी मंडी एक्ट में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। प्राइवेट प्लेयर्स पर टैक्स लगाने पर भी मंजूरी बनने की खबर है। इसके साथ ही किसानों की समस्याओें के निपटारे के लिए अलग फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे।

12:45 PM, 09-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर पर दोनों तरफ से यातायात प्रभावित

नोएडा-दिल्ली के चिल्ला बॉर्डर पर बुधवार को यातायात दोनों तरफ से प्रभावित है।

12:01 PM, 09-Dec-2020

विपक्षी दलों के राष्ट्रपति से मिलने पर शिवराज सिंह ने कही ये बात

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी दलों के नेताओं के राष्ट्रपति से मिलने के सवाल पर कहा कि, 'राहुल गांधी, शरद पवार जी और विपक्षी नेता जिन्होंने किसान को दिवालिया बना दिया वो अब किसान के नाम पर राष्ट्रपति महोदय के यहां जा रहे हैं। इन्हें तो किसानों से माफी मांगनी चाहिए, ये किसानों की बदहाली के लिए जवाबदार लोग हैं।

 

11:50 AM, 09-Dec-2020

मुझे राष्ट्रपति से कोई उम्मीद नहीं, वह कृषि बिलों के मामले में क्या कर सकते हैं: दिग्विजय सिंह

कृषि बिल को वापस लेने और किसान आंदोलन  को लेकर 24 विपक्षी दलों के प्रतिनिधि आज राष्ट्रपति से मिलेंगे। इसे लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया था कि, 'राष्ट्रपति जी से किसान विरोधी कानून को वापस लेने के लिए 24 राजनीतिक दलों का डेलीगेशन आज मिलने जा रहा है। मुझे महामहिम जी से कोई उम्मीद नहीं है। इन 24 राजनीतिक दलों को एनडीए में उन सभी दलों से भी चर्चा करना चाहिए जो किसानों के साथ हैं। नितीश जी को मोदी जी पर दबाव डालना चाहिए।' उनके इस ट्वीट को लेकर जब दिग्विजय सिंह से एएनआई ने बात की तो वह बोले, 'हां राष्ट्रपति इस मामले में क्या कर सकते हैं?'
 

 

11:44 AM, 09-Dec-2020

मोदी जी को अपनी जिद छोड़ देनी चाहिएः दिग्विजय सिंह

किसान आंदोलन को लेकर सरकार के रवैये पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी जी को अपनी जिद छोड़ देनी चाहिए। यह किसानों का मामला है इस तरह की जिद किसी के लिए ठीक नहीं है। तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाना चाहिए। इसके लिए एक संयुक्त संसदीय समिति की स्थापना करनी चाहिए जो किसानों से बात करने के बाद इस समस्या का हल ढूंढेगी।
 

11:35 AM, 09-Dec-2020

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक जारी

किसान आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाने चाहिए इसके लिए केंद्रीय कैबिनेट की बैठक जारी है। इसमें किसानों को मनाने की रणनीति तैयार की जा रही है।

11:29 AM, 09-Dec-2020

लिखित प्रस्ताव में संशोधन की बात हुई तो हमारा पक्ष स्पष्ट हैः किसान नेता

ऑल इंडिया किसान सभा के जनरल सेक्रेटरी हन्नान मोल्लाह ने कहा कि सरकार ने कहा था कि वह आज कुछ लिखित में भेजेंगे। हमने उन्हें बता दिया है कि वह लिखित में भेजेंगे तो हम उस पर गौर करेंगे। हमारी दोपहर 12 बजे एक बैठक है। एक व्यापक कमेटी इस पर चर्चा करेगी। अगर लिखित में संशोधन पर बात होगी तो हमारा पक्ष बिल्कुल स्पष्ट है। अगर यह बिल को वापस लेने पर है तब हम उसे संज्ञान में लेकर उस पर विचार कर सकते हैं। छठे दौर की वार्ता रद्द हो चुकी है। अगर पत्र आता है और हमें सकारात्मकर लगता है तो कल बैठक हो सकती है।
 

11:12 AM, 09-Dec-2020

दलित प्रेरणास्थल के सामने लगा जाम

दलित प्रेरणास्थल के सामने आज भी लंबा जाम लग गया है। यहां किसान कृषि कानूनोंं के विरोध में बैठे हैं।

11:08 AM, 09-Dec-2020

जो भी देश और किसानों के हित में होगा सरकार सबकुछ करेगीः सोम प्रकाश

वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री सोम प्रकाश ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि, गृहमंत्री अमित शाह ने कल किसान यूनियन के नेताओं से संशोधनों को लेकर बात की। सरकार आज किसान यूनियनों को आज लिखित प्रस्ताव देगी जिस पर वो विचार विमर्श करेंगे। जो कुछ भी देश और किसानों के हित में होगा वो सब किया जाएगा।
 

10:57 AM, 09-Dec-2020

पंजाबः दिल्ली जाने वाले किसानों को मुफ्त पेट्रोल-डीजल मुहैया करा रही शिरोमणि अकाली दल

शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप से दिल्ली जाने वाले किसानों को उनके ट्रैक्टर के लिए मुफ्त में पेट्रोल डीजल मुहैया करा रहे हैं। इस बारे में शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता गुरशरण सिंह ने बताया, हमने यह अभियान इसलिए शुरू किया है ताकि पंजाब के ज्यादा से ज्यादा लोगों को किसानों के आंदोलन में जाने के लिए प्रेरित कर सकें। इससे यह आंदोलन मजबूत होगा। हम यहां ये काम स्थानीय युवाओं और हमारे एनआरआई दोस्तों की मदद से कर रहे हैं।
 
 

10:19 AM, 09-Dec-2020

आज शाम तक चीजें होंगी स्पष्टः राकेश टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हम केंद्र द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर बैठक करेंगे। छठे दौर की वार्ता तो रद्द हो चुकी है। ड्राफ्ट पर चर्चा होगी उसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। हमें उम्मीद है कि आज शाम 4-5 बजे तक चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।
 

 

10:09 AM, 09-Dec-2020

टीकरी, झरोडा और धांसा बॉर्डर पूरी तरह से बंद

टीकरी, झरोडा, धांसा बॉर्डर आज पूरी तरह से बंद रहेगा। झटीकरा बॉर्डर सिर्फ दो पहिया वाहन और पैदल यात्रियों के लिए खुला है।
 

 

09:57 AM, 09-Dec-2020

पुलिस को मिला इनपुट, नई दिल्ली में किसान कर सकते हैं हंगामा

दिल्ली पुलिस को इनपुट मिला है कि किसान आज नई दिल्ली जिले में कुछ हंगामा कर सकते हैं। इसे लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

09:32 AM, 09-Dec-2020

सिंघु समेत कई बॉर्डर आज भी रहेंगे बंद

किसानों के प्रदर्शन का आज 14वां दिन है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि सिंघु, औचंदी, पियाऊ मनियारी और मंगेश बॉर्डर आज भी बंद रहेंगे। एनएच-44 भी दोनों तरफ से बंद हैं।
 

 

09:07 AM, 09-Dec-2020

अन्नदाता हमारे देश की रीढ़ हैं: सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि अन्नदाता हमारे देश की रीढ़ हैं, अन्नदाता की रक्षा हर कीमत पर की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर हमारे अन्नदाता की रीढ़ तोड़ने वाले कानूनों का समर्थन नहीं करेगी। हम अन्नदाता के समर्थन में खड़े होकर उनकी लड़ाई लड़ेंगे।
 

08:47 AM, 09-Dec-2020

दोपहर 12 बजे किसान नेताओं की बैठक 

आज सिंघु बॉर्डर पर दोपहर 12 बजे किसान नेताओं की बैठक होगी। हन्नान मोल्लाह ने कहा कि अमित शाह ने हमसे कहा कि सरकार जो संशोधन करना चाहती है वह उसे लिखित में देगी। हम तीनों कानूनों को निरस्त कराना चाहते हैं, बीच का कोई रास्ता नहीं है। 
 

08:37 AM, 09-Dec-2020

आज सरकार के साथ बैठक नहीं

वहीं, अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्नान मोल्लाह ने कहा कि आज सरकार और किसान संगठनों के बीच बैठक नहीं होगी। सरकार कृषि कानून वापस लेने को तैयार नहीं है। मंत्री (अमित शाह) ने कहा है कि आज किसान नेताओं को प्रस्ताव दिया जाएगा। किसान नेता सिंघु बॉर्डर पर इस प्रस्ताव को लेकर बैठक करेंगे।

08:23 AM, 09-Dec-2020

गतिरोध के बीच गृह मंत्री के घर पहुंचे कृषि मंत्री, विपक्षी दल एक सुर में बोले- विधेयक वापस हों

गृह मंत्री अमित शाह और कुछ किसान नेताओं के बीच मंगलवार की रात हुई बैठक विफल रहने के बाद सरकार और किसान यूनियनों के बीच बुधवार को प्रस्तावित छठे दौर की वार्ता अधर में लटक गई है। हालांकि, सरकार की ओर से बुधवार की वार्ता के संबंध में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है लेकिन अमित शाह के साथ हुई बैठक के बाद कुछ किसान नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित बैठक में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता। इन नेताओं ने कहा कि सरकार के लिखित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के बाद ही अगले कदम पर निर्णय लिया जाएगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें