आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फतेहाबाद टोल प्लाजा पर वाहनों का आवागमन सामान्य है। यहां सुबह कुछ किसानों ने इनर रिंग रोड से आने की कोशिश की थी, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फोर्स तैनात है।
आगरा में इनर रिंग रोड के रहन कलां टोल प्लाजा पर जाम
आगरा में इनर रिंग रोड के रहन कलां टोल प्लाजा पर कई लेन बंद है। इसके कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई है। टोल पर पीएसी के जवान तैनात हैं।
लखनऊ-कानपुर हाइवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात
किसानों के प्रदर्शन को लेकर लखनऊ-कानपुर हाइवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात है। अभी तक माहौल पूरी तरह से शांत है। वहीं कानपुर देहात स्थित बारा टोल प्लाजा फ्री नहीं हो सका। यहां भाकियू पदाधिकारी नहीं आए। हालांकि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
महाराजगंज: छपवा टोल प्लाजा पर पुलिस की सतर्कता बढ़ी
किसानों के टोल प्लाजा घेराव के आह्वान का नौतनवां में कोई असर देखने को नहीं मिला। हर दिन की तरह शनिवार की सुबह भी स्थितियां सामान्य रहीं। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत उपद्रवों से निपटने को लेकर नौतनवां क्षेत्र के छपवा टोल पर सीओ अजय सिंह चौहान व थानाध्यक्ष छोटेलाल के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर पुलिस फोर्स तैनात रही।
क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ने बताया कि छपावा टोल पर किसानों द्वारा किसी तरह का आंदोलन या प्रदर्शन नहीं किया गया है। सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। कहीं से कानून व्यवस्था बिगड़ने न पाए इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रही।
रुड़की: भगवानपुर में टोल प्लाजा पर हंगामा
किसान नेताओं ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन के तहत पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को रुड़की क्षेत्र के भगवानपुर में टोल प्लाजा पर हंगामा एवं प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब दो घंटे तक किसानों ने टोल फ्री। रखा मौके पर अफरातफरी की स्थिति रही। भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंचा। हालांकि दोपहर करीब 1:30 बजे किसानों ने प्रशासन को अपनी मांगों के बाबत ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद टोल भी सुचारू कर दिया गया।
मुरादाबाद: इकरोटिया टोल प्लाजा पर किसानों का हंगामा
आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादाबाद दौरे के मद्देनजर किसानों को लेकर पुलिस अतिरिक्त सख्ती बरत रही है। इसके बावजूद किसान दिल्ली-बरेली हाईवे पर इकरोटिया टोल प्लाजा पहुंच गए और हंगामा किया। बाद में किसी तरह समझा-बुझाकर पुलिस ने उन्हें हटाया।
'एनएचएआई के दिशानिर्देशों का होगा पालन'
फरीदाबाद टोल प्लाजा के शिफ्ट प्रभारी अजय गौड़ ने कहा कि यहां पुलिस तैनात है। अगर हमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से कोई दिशानिर्देश मिलते हैं तो उनका पालन किया जाएगा।
झांसी: टोल नाकों पर बढ़ाई सुरक्षा, पुलिस तैनात
किसान आंदोलन के चलते झांसी जिले की सीमा में आने वाले सभी टोल नाकों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुबह से सभी छह टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। यातायात सुचारु रूप से जारी है। किसानों की ओर से टोल नाकों पर आंदोलन जैसे अभी कोई संकेत नहीं दिए गए हैं। इसके बावजूद सतर्कता बरती जा रही है।
फरीदाबाद: तुमसरा टोल प्लाजा फ्री
पलवल और फरीदाबाद जिले में आने वाले छह टोल में से केवल दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे का तुमसरा टोल प्लाजा फ्री है। बाकी को अभी फ्री नहीं करवाया गया है, लेकिन वहां पुलिस की हलचल तेज हो गई है। फरीदाबाद में दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
लखनऊ: आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर पुलिस फोर्स तैनात
लखनऊ के आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर पुलिस फोर्स की तैनाती गई है। आगरा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर पीएसी के साथ पुलिस बल तैनात किए गए हैं। एसीपी काकोरी अर्चना सिंह, प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात है।
मेरठ: सिवाया टोल प्लाजा को किया गया फ्री
मेरठ में कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सिवाया टोल प्लाजा को फ्री कर दिया है। सुबह 11 से तीन बजे तक टोल प्लाजा फ्री रखा जाएगा। कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर ही धरना देकर बैठ गए हैं। बागपत में कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू का ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर धरना चल रहा है। वाहनों को बिना टोल दिए निकलवाया। भाकियू कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष प्रताप गुर्जर के नेतृत्व में मवि कलां टोल प्लाजा पर एकत्र हुए हैं ।