मोहबताबाद नेकपुर गांव के बाहर खेत में रह रहे जगत सिंह (58) की मंगलवार सुबह चार अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी।
करीब 35 एकड़ जमीन के मालिक जगत सिंह की हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद माना जा रहा है। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है।
गोंछी गांव में रहने वाले जगत सिंह अविवाहित थे। वह कुछ अर्से से नेकपुर गांव के बाहर फार्म हाउस में नौकर विशंभर दयाल के साथ रह रहे थे।
एसएचओ सेक्टर 55 ने बताया कि नौकर विशंभर दयाल ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सफेद स्विफ्ट कार से चार लोग फार्म हाउस पहुंचे।
एक कार में ही बैठा रहा और तीन उतर कर फार्म हाउस में आए। उन्होंने पूछा कि जगत सिंह कौन है तो विशंभर ने चारपाई पर सो रहे जगत सिंह की ओर इशारा कर दिया। एक युवक ने जगत सिंह की खोपड़ी में गोली मार दी।
बाकी दो युवकों ने भी एक एक गोली मारी और फिर तीनों कार में बैठकर फरार हो गए। नौकर ने बताया कि उसने हमलावरों को इससे पहले कभी नहीं देखा था।
संभवता हमलावर भी जगत को नहीं पहचानते थे इसलिए शिनाख्त करने के लिए नौकर से उनके बारे में पूछा। लोगों का मानना है कि किसी ने पेशेवर हत्यारों से जगत की हत्या कराई है।
एसएचओ सेक्टर 55 ने बताया कि मृतक करीब 35 एकड़ जमीन का कब्जेदार था लेकिन इस जमीन के कई दावेदार हैं।
हत्या किस कारण की गई यह तो हत्यारों के पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा लेकिन प्रॉपर्टी विवाद से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि जल्द ही हत्यारे और साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाएगा।