संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ आज बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम नूंह अंकिता पुवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर अपने प्रेरणादायक संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। अंकिता पुवार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और ऐसे आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास तथा रचनात्मकता का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां न केवल विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को उजागर करती हैं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से भी जोड़ती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
दो दिवसीय युवा महोत्सव में नृत्य, गायन, वाद-विवाद, कविता पाठ, चित्रकला, लोकगीत, लोकनृत्य, एकल गायन और समूह नृत्य जैसी अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरियाणवी पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत लोकनृत्य ने कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ा दी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नूंह के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर संस्थान का नाम रोशन किया।