संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण समिति (एचएसएसीएस) के मार्गदर्शन में जिला एड्स नियंत्रण संगठन (डीएसीओ), फरीदाबाद की ओर से शुक्रवार को सेक्टर-12 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रेड रन मैराथन एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजेश श्योकद, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. मनोज बजाज, एसीपी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने रेड रन मैराथन को हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला वर्ग में सोनिया ने प्रथम, संगीता ने द्वितीय और मन्नत ने तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में केशव प्रथम, सनी शर्मा द्वितीय और लवकेश तृतीय रहे। विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा एचआईवी/एड्स, नशा मुक्ति, कलंक एवं भेदभाव की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली विषय पर क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें केएल मेहता कॉलेज की दीक्षा और आराध्या प्रथम, डीएवी कॉलेज के अजय कुमार और सुधांशु द्वितीय तथा केएल मेहता कॉलेज की भावना और रिया तृतीय रहीं। अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।